साई किशोर की फिरकी के जाल में फंसे पंजाब किंग्स के बल्लेबाज

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 21 Apr 2024 10:11 PM
साई किशोर की फिरकी के जाल में फंसे पंजाब किंग्स के बल्लेबाज
ऑडियो सुनें

मुल्लांपुर. आर साई किशोर की अगुवाई में गुजरात टाइटंस के स्पिनरों ने पंजाब के बल्लेबाजी क्रम को नेस्तनाबूद करते हुए रविवार को इंडियन प्रीमियर लीग के मैच में उसे 142 रन पर आउट कर दिया . इस सत्र में पावरप्ले में सबसे खराब खेल रहे पंजाब किंग्स ने धीमी शुरूआत करते हुए पांच ओवर में बिना किसी नुकसान के 45 रन बनाये.

इसके बाद साई किशोर , राशिद खान और नूर अहमद ने पंजाब के बल्लेबाजों को खुलकर खेलने ही नहीं दिया . साई किशोर ने 33 रन देकर चार विकेट लिये जबकि राशिद ने 15 रन देकर एक और अहमद ने 20 रन देकर दो विकेट चटकाये. पंजाब के लिये प्रभसिमरन सिंह ने 21 गेंद में 35 रन बनाकर फॉर्म में वापसी की . वह छठे ओवर में आउट हुए और उसके बाद विकेट लगातार गिरते रहे .
मोहित शर्मा को थर्डमैन पर छक्का लगाने के बाद प्रभसिमरन विकेट के पीछे कैच दे बैठे.

स्पिन तिकड़ी ने पंजाब की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी . बायें हाथ के स्पिनर साई किशोर ने अपनी रफ्तार में विविधता लाकर विरोधी बल्लेबाजों को खूब परेशान किया . दूसरे छोर से अहमद और राशिद ने दबाव बनाया. अहमद ने रिली रोसोयू (नौ रन) को पगबाधा आउट किया . वहीं कप्तान सैम कुरेन 19 गेंद में 20 रन बनाकर राशिद का शिकार हुए . डीआरएस पर उन्हें पगबाधा आउट दिया गया जिस पर वह हैरान थे.

इंग्लैंड के ही उनके साथी बल्लेबाज लियाम लिविंगस्टोन नौ गेंद में छह रन बनाकर अहमद की गेंद में पहली स्लिप पर राहुल तेवतिया को कैच दे बैठे. साई किशोर ने जितेश शर्मा को 12वें ओवर में आउट किया जिन्होंने 12 गेंद में 13 रन बनाये . इस सत्र में पंजाब के लिये सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले शशांक सिंह और आशुतोष शर्मा भी सस्ते में आउट हो गए. हरप्रीत बरार ने 12 गेंद में 29 रन बनाकर टीम को 140 के पार पहुंचाया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu