अगले महीने डेविस कप फाइनल्स के बाद टेनिस को अलविदा कहेंगे रफेल नडाल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 10 Oct 2024 07:23 PM
अगले महीने डेविस कप फाइनल्स के बाद टेनिस को अलविदा कहेंगे रफेल नडाल
ऑडियो सुनें

मैड्रिड. बाईस बार के ग्रैंडस्लैम चैम्पियन रफेल नडाल ने बृहस्पतिवार को घोषणा की कि वह अगले महीने होने वाले डेविस कप फाइनल्स के बाद टेनिस को अलविदा कह देंगे . 38 वर्ष के नडाल से अधिक ग्रैंडस्लैम पुरूष वर्ग में नोवाक जोकोविच (24) ने जीते हैं जबकि रोजर फेडरर 20 बार विजेता रहे हैं . तीनों टेनिस के ‘बिग थ्री’ कहे जाते रहे हैं .

स्पेन के नडाल ने सोशल मीडिया पर यह घोषणा की . उन्होंने संकेत दिया कि उन्होंने यह फैसला लगातार चोटों के कारण लिया है .
नडाल ने कहा ,” मैने जो कुछ भी अनुभव किया है, वह सपना सच होने जैसा है . मैं इस इत्मीनान के साथ जाऊंगा कि मैने अपनी ओर से पूरा प्रयास किया और अपना सर्वश्रेष्ठ दिया .” उन्होंने कहा ,” हकीकत यह है कि पिछले कुछ साल काफी कठिन रहे, खासकर पिछले दो साल . मुझे नहीं लगता कि मैं खुलकर खेल सका . यह कठिन फैसला था जिसे लेने में मुझे कुछ समय लगा . लेकिन जीवन में हर चीज की एक शुरूआत और एक अंत होता है .” लाल बजरी के बादशाह कहे जाने वाले नडाल ने लाल कोर्ट पर रिकॉर्ड 14 फ्रेंच ओपन खिताब जीते . रोलां गैरो कोर्ट के प्रवेश द्वार पर नडाल की प्रतिमा इसकी गवाह है कि उन्होंने इस पर अपने प्रदर्शन की छाप किस कदर छोड़ी है .

नडाल ने चार बार अमेरिकी ओपन और दो दो बार विम्बलडन और आस्ट्रेलियाई ओपन जीता है . उन्होंने आखिरी ग्रैंडस्लैम 2022 आस्ट्रेलियाई ओपन जनवरी में और जून में फ्रेंच ओपन जीता था . फेडरर ने 2022 सत्र के आखिर में 41 वर्ष की उम्र में संन्यास का ऐलान किया था .

नडाल ने फेडरर और जोकोविच के खिलाफ खेलते हुए तस्वीरों के बीच कहा ,” मैं समूचे टेनिस जगत और खेल से जुड़े हर व्यक्ति खासकर अपने पुराने प्रतिद्वंद्वियों को धन्यवाद देना चाहता हूं . मैने उनके साथ काफी समय बिताया है और यादगार पल जिये हैं .” नडाल ने कहा कि डेविस कप के जरिये विदा लेने को लेकर वह काफी रोमांचित है . डेविस कप फाइनल्स स्पेन के मालागा में 19 नवंबर से खेला जायेगा .

नडाल ने पेरिस ओलंपिक के बाद से नहीं खेला है जिसमें वह एकल वर्ग में जोकोविच से हार गए थे . वह युगल वर्ग में कार्लोस अल्काराज के साथ क्वार्टर फाइनल तक पहुंचे थे . नडाल ने कहा ,” मुझे लगता है कि यह उस कैरियर पर विराम लगाने का सही समय है जो इतना लंबा रहा और मैने जितना सोचा था, उससे ज्यादा सफल भी .”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu