राहुल गांधी को लोकतंत्र की बात करने का कोई अधिकार नहीं: शाह

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Mon, 01 Apr 2024 05:04 PM
राहुल गांधी को लोकतंत्र की बात करने का कोई अधिकार नहीं: शाह
ऑडियो सुनें

जोधपुर: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी को अब लोकतंत्र के बारे में बात करने का कोई अधिकार नहीं है क्योंकि उनकी दादी और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने आपातकाल के दौरान लाखों लोगों को जेल में डाल दिया था और राजनीतिक दलों पर प्रतिबंध लगा दिया था।

रविवार को दिल्ली के रामलीला मैदान में ‘लोकतंत्र बचाओ’ रैली को लेकर ‘इंडिया’ गठबंधन पर पलटवार करते हुए कहा, “कितने भी दल इकट्ठा कर लो आएगा तो मोदी ही आएगा।’ गृह मंत्री जोधपुर में शक्ति केंद्र प्रमुख सम्मेलन को संबोधित करते हुये कहा कि जो भ्रष्टाचार करेगा वह सलाखों के पीछे जाएगा।

शाह ने कहा, ‘ये लोकतंत्र बचाने की बात करते हैं… राहुल बाबा आपकी दादी ने आपातकाल में लाखों लोगों को जेल में डाल दिया था…राजनीतिक पार्टियों पर प्रतिबंध लगाया था… आपको लोकतंत्र की बात करने का कोई अधिकार नहीं है।’

उन्होंने ‘इंडिया’ गठबंधन पर कटाक्ष करते हुए कहा, ‘ये जो कुनबा इकट्ठा हुआ है… कल उन्होंने कहा कि लोकतंत्र बचाओ। क्यूं भई क्या हो गया है लोकतंत्र को। इस देश की जनता वोट डालने वाली है। तय करेगी। आप काहे को लोकतंत्र बचाने की बात कर रहे हो। कह रहे हैं हमारे नेता जेल में गए। भई मुझे बताओ 12 लाख करोड़ रुपए के घपले घोटाले करेंगे तो जेल में जाएंगे या नहीं जाएंगे।’

उन्होंने आगे कहा,’ …. राहुल बाबा सुन लो क्यूं फरियाद कर रहे हो हमने 2014 में भी किया 2019 में भी किया कहकर हम चुनाव लड़े थे कि जो भ्रष्टाचार करेगा वह जेल की सलाखों के पीछे चला जाएगा।’ शाह ने कहा, ‘मित्रों ये लोग सरकार बनाने के सपने देख रहे हैं … कितने भी दल इकट्ठा कर लो आएगा तो मोदी ही आएगा।’

केंद्र सरकार द्वारा किए काम गिनाते हुए शाह ने कहा कि हमने बुनियादी ढांचा के क्षेत्र में बहुत काम किये हैं । 10 साल में हर सप्ताह एक नई यूनिर्विसटी खोलने का काम मोदी जी ने किया है। हर दिन 37 स्टार्टअप रजिस्टर्ड करने का काम मोदी जी ने किया है।

भारत में हर दिन 16 हजार करोड़ रुपये के यूपीआई ट्रांजेक्शन होते हैं। भारत में हर दिन 14 किमी रोड बनती है। भारत में हर दिन गैस के 50 हजार कनेक्शन देने का काम मोदी जी ने किया है। हर सेकंड एक घर को नल का कनेक्शन देने का काम भी मोदी जी और भाजपा ने किया है।

उन्होंने कहा, ‘हमने देश को मजबूत, सुरक्षित और समृद्ध किया है, और इसके साथ-साथ हमने ढेर सारे वादे जो भाजपा की स्थापना से करे हैं उन सारे वादों को मोदी जी ने इन साल में पूरा करने का काम किया है।’ शाह ने कहा, ‘मोदी जी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बना दीजिए, भारत दुनिया में तीसरे नंबर की अर्थव्यवस्था बन जाएगा।’ उन्होंने कहा, ‘हमने डेढ़ सौ साल पुराने अंग्रेजों के कानून बदल दिए सौ साल पुरानी संसद बदली हमने नक्सलवाद व उग्रवाद को उखाड़ फेंकने का काम किया।’

शाह ने कहा, ‘इसलिए 2014 में 55 फीसदी वोट के साथ 25 की 25 सीटें राजस्थान की जनता ने मोदी जी को दी थी। 2019 में वोट प्रतिशत बढक़र 61 प्रतिशत हुआ और फिर सभी 25 सीटें भाजपा को मिली। अब मोदी जी फिर से आए हैं, इस बार 70 प्रतिशत वोट के साथ 25 की 25 सीटें जीतकर हैट्रिक लगानी है।’ उन्होंने कहा, ‘इस लोकसभा चुनाव में हमारे नेता नरेन्द्र मोदी जी ने हमारे सामने 400 पार का लक्ष्य रखा है। 400 से ज्यादा सीटें राजग जीतेगा और 370 से ज्यादा सीटें भाजपा जीतेगी।’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav