राहुल ने की उबर की सवारी, गिग वर्कर्स के लिए न्याय का आह्वान किया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 19 Aug 2024 07:38 PM
राहुल ने की उबर की सवारी, गिग वर्कर्स के लिए न्याय का आह्वान किया
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को कहा कि कांग्रेस की राज्य सरकारें गिग वर्कर्स के लिए ठोस नीतियां बनाकर न्याय सुनिश्चित करेंगी तथा विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) संघर्ष के साथ इन नीतियों का देशव्यापी विस्तार सुनिश्चित करेगा. ‘गिग वर्कर्स’ उन श्रमिकों को कहा जाता है जिनका काम अस्­थायी होता है.

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने उबर कैब की सवारी का एक वीडियो सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया जिसमें वह वाहन चालक सुनील उपाध्याय से उनके अनुभव एवं परेशानियों के बारे में जानकारी लेते देखे जा सकते हैं. राहुल गांधी ने कहा, ‘आमदनी कम और महंगाई से निकलता दम – यह है भारत के गिग वर्कर्स की व्यथा. सुनील उपाध्याय जी के साथ एक उबर यात्रा के दौरान चर्चा में और फिर उनके परिवार से मिल कर देश के कैब ड्राइवर और डिलेवरी एजेंट जैसे गिग वर्कर्स की समस्याओं का जायज़ा लिया.”

उन्होंने कहा कि ”हैंड टू माउथ इनकम” (किसी तरह गुज़ारे लायक आमदनी) में इनका गुज़ारा तंगी से चल रहा है तथा न कोई बचत होती है और न ही परिवार के भविष्य का कोई आधार है. कांग्रेस नेता ने कहा, ”इनकी समस्या के समाधान के लिए कांग्रेस की राज्य सरकारें ठोस नीतियां बना कर न्याय करेंगी और ‘इंडिया’ गठबंधन पूरे संघर्ष के साथ इन नीतियों का देशव्यापी विस्तार सुनिश्चित करेगा.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu