अयोध्या पहुंचे रजनीकांत; राम मंदिर और हनुमानगढ़ी में की पूजा-अर्चना

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 20 Aug 2023 09:30 PM
अयोध्या पहुंचे रजनीकांत; राम मंदिर और हनुमानगढ़ी में की पूजा-अर्चना
ऑडियो सुनें

अयोध्या/ लखनऊ. अभिनेता रजनीकांत ने रविवार को अयोध्या में राम मंदिर और हनुमानगढ़ी में पूजा-अर्चना की. रजनीकांत ने मंदिर में विशेष पूजा की और भव्य राम मंदिर के निर्माण कार्य का अवलोकन भी किया. अयोध्या में रजनीकांत का स्वागत मंडलायुक्त गौरव दयाल, पुलिस महानिरीक्षक प्रवीण कुमार और नगर आयुक्त विशाल सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने किया. रजनीकांत ने संवाददाताओं से कहा, “मैं लंबे समय से यहां आना चाहता था. मैं भाग्यशाली हूं कि यह इच्छा पूरी हुई.” उन्होंने कहा कि मंदिर का निर्माण कार्य देखकर उन्हें बहुत खुशी हुई.

रजनीकांत ने कहा, “अगर भगवान ने चाहा तो मंदिर का निर्माण पूरा होने के बाद मैं दोबारा आऊंगा.” राम मंदिर में मुख्य पुजारी आचार्य सत्येन्द्र दास ने रजनीकांत को एक अंग वस्त्र भेंट किया जिसपर राम मंदिर का मॉडल छपा है और रामनाम लिखा हुआ है.
इससे पहले रजनीकांत हनुमानगढ़ी मंदिर गए. मंदिर के महंत राजू दास ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, “सिनेस्टार ने मंदिर में लगभग 10 मिनट बिताए.”

दास ने कहा, ”मैं रजनीकांत जी को धन्यवाद देता हूं कि अब तक लोग अयोध्या आने से घबराते थे. आज देश के अलग-अलग हिस्सों से, अलग-अलग पेशे के और बॉलीवुड से जुड़े लोग अयोध्या की ओर आर्किषत हो रहे हैं.” इससे पहले, रजनीकांत ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव से लखनऊ में उनके आवास पर मुलाकात की.

रजनीकांत अपनी फिल्म ‘जेलर’ के प्रमोशन के लिए शुक्रवार को लखनऊ पहुंचे थे. यह फिल्म 10 अगस्त को रिलीज हुई. अभिनेता ने शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की और उनके पैर छूकर आशीर्वाद लिया. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के साथ उनकी मुलाकात ‘बहुत अच्छी’ रही. शनिवार दोपहर को रजनीकांत ने उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के साथ यहां शहीद पथ स्थित एक मॉल में ‘जेलर’ फिल्म देखी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu