राम मंदिर मुद्दा खत्म, अब कोई इसकी चर्चा नहीं कर रहा : शरद पवार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 19 Apr 2024 09:25 PM
राम मंदिर मुद्दा खत्म, अब कोई इसकी चर्चा नहीं कर रहा : शरद पवार
ऑडियो सुनें

पुणे. राकांपा (शरदचंद्र पवार) प्रमुख शरद पवार ने कहा है कि अयोध्या के राम मंदिर का मुद्दा अब समाप्त हो गया है और अब कोई भी इस मुद्दे पर चर्चा नहीं कर रहा है. पवार बृहस्पतिवार को पुणे जिले के पुरंदर में कुछ संवाददाताओं से बातचीत कर रहे थे. पूर्व केंद्रीय मंत्री पवार से जब सवाल किया गया कि क्या मौजूदा चुनावों में राम मंदिर की कोई महत्वपूर्ण भूमिका होगी तो उन्होंने कहा, “अयोध्या के राम मंदिर का मुद्दा अब समाप्त हो गया है और अब कोई भी इस बारे में चर्चा नहीं कर रहा है.”

उन्होंने कहा, “एक बैठक के दौरान, कुछ महिलाओं ने शिकायत की कि हालांकि भगवान राम की मूर्ति स्थापित की गई है, लेकिन देवी सीता की मूर्ति वहां नहीं है.” भारतीय जनता पार्टी ने पवार की टिप्पणी की आलोचना की. भाजपा की राज्य इकाई के अध्यक्ष चन्द्रशेखर बावनकुले ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री पवार को टिप्पणी करने से पहले अयोध्या के राम मंदिर के बारे में जानकारी एकत्र करनी चाहिए थी.

बावनकुले ने एक बयान में कहा, “भगवान राम वहां अपने बाल रूप में हैं, लेकिन पवार साहब की रुचि इस पर सिर्फ राजनीति करने में है.” उन्होंने कहा, “पवार अपनी ही पुत्र-वधू को बाहरी बताते हैं और सीतामाई के बारे में उन्हें चिंता करना पाखंड की पराकाष्ठा के अलावा और कुछ नहीं है.” वह महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार के संबंध में शरद पवार की हालिया टिप्पणी का जिक्र कर रहे थे. सुनेत्रा बारामती लोकसभा क्षेत्र में सुप्रिया सुले के खिलाफ चुनाव लड़ रही हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu