भारतीय रिजर्व बैंक आज लॉन्च करेगा अपना डिजिटल करेंसी

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Tue, 01 Nov 2022 01:05 PM
भारतीय रिजर्व बैंक आज लॉन्च करेगा अपना डिजिटल करेंसी
ऑडियो सुनें

RBI Digital Currency: भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने बीते महीने की शुरुआत में घोषणा की थी कि वह जल्द ही खास उपयोग के लिए डिजिटल रुपया (E-Rupee) का पायलट लॉन्च शुरू करेगा। अब इसकी शुरुआत 1 नवंबर यानि आज से होने जा रही है। दरअसल, अब आरबीआई की अपनी डिजिटल करेंसी (RBI Digital Currency) हकीकत बनने वाली है। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) 1 नवंबर से होलसेल ट्रांजैक्शन के लिए डिजिटल रूपी की शुरुआत करेगा। यह फिलहाल पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर शुरू होगा।

देश की डिजिटल करेंसी- ‘डिजिटल रुपया’ (Digital Rupees) का पहला पायलट टेस्टिंग मंगलवार यानी एक नवंबर को शुरू होगा जिसमें नौ बैंक सरकारी सिक्योरिटीज़ में लेनदेन के लिए इस डिजिटल करेंसी (Digital Currency) का इस्तेमाल करेंगे। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने सोमवार को जारी एक बयान में कहा, ”डिजिटल रुपये (थोक खंड) का पहला पायलट परीक्षण आज से शुरू होगा। इस टेस्टिंग के तहत सरकारी सिक्योरिटीज़ में सेकेंडरी मार्केट लेनदेन का निपटान किया जाएगा।”

आरबीआई ने ‘केंद्रीय बैंक डिजिटल मुद्रा’ लाने की अपनी योजना की दिशा में कदम बढ़ाते हुए डिजिटल रुपये का पायलट टेस्टिंग शुरू करने का फैसला किया है। थोक खंड (Wholesale Transactions) के लिए होने वाले इस परीक्षण में नौ बैंक शिरकत करेंगे। इन बैंकों की पहचान भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई), बैंक ऑफ बड़ौदा, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक, यस बैंक, आईडीएफसी फर्स्ट बैंक और एचएसबीसी के रूप में की गई है। आरबीआई की डिजिटल मुद्रा में सौदों का निपटान करने से निपटान लागत में कमी आने की संभावना है।

इसके साथ ही आरबीआई ने कहा कि डिजिटल रुपये (खुदरा खंड) का पहला पायलट परीक्षण एक महीने के भीतर शुरू करने की योजना है। यह परीक्षण विशेष उपयोगकर्ता समूहों के बीच चुनिंदा स्थानों में किया जाएगा, जिसमें ग्राहक और कारोबारी शामिल हैं। रिजर्व बैंक के मुताबिक, भविष्य के पायलट परीक्षणों में थोक स्तर पर होने वाले अन्य सौदों एवं सीमापार भुगतान पर भी ध्यान दिया जाएगा।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav