बिहार में 14 नवंबर को दोपहर एक बजे तक राजद का सफाया हो जाएगा: शाह

Author: navabharat digital
UPDATED: Mon, 03 Nov 2025 03:45 PM
बिहार में 14 नवंबर को दोपहर एक बजे तक राजद का सफाया हो जाएगा: शाह
ऑडियो सुनें

शिवहर/सीतामढ़ी: गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को दावा किया कि बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार बनेगी और 14 नवंबर को दोपहर एक बजे तक राज्य से राष्ट्रीय जनता दल (राजद) का सफाया हो जाएगा। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता शाह ने शिवहर में चुनावी रैली के दौरान बिहार के लिए जारी कई परियोजनाओं का जिक्र किया और नयी परियोजनाएं शुरू किए जाने का वादा किया।

राज्य की 243 सदस्यीय विधानसभा के लिए चुनाव दो चरणों में 6 और 11 नवम्बर को होंगे, जबकि मतगणना 14 नवम्बर को की जाएगी। शाह ने कहा कि सीता मंदिर में मूर्ति की प्राण-प्रतिष्ठा के दिन सीतामढ़ी से अयोध्या तक वंदे भारत ट्रेन शुरू की जाएगी।
उन्होंने कहा कि मिथिला-कोशी में बाढ़ को रोकने के लिए 11,000 करोड़ रुपये की परियोजनाएं जारी हैं, सोनबरसा नानपुर में 505 एकड़ भूभाग में औद्योगिक पार्क स्थापित किया जाएगा तथा मिथिलांचल को 500 करोड़ रुपये की लागत से वैश्विक ज्ञान केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।

शाह ने कहा कि सीतामढ़ी-अयोध्या रामजानकी पथ 550 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा और अयोध्या-सीतामढ़ी रेल पटरी के दोहरीकरण पर 5,000 करोड़ रुपये खर्च होंगे।’’ उन्होंने कहा कि राजग बिहार में रक्षा गलियारा बनाएगा, हर जिले में कारखाने लगाएगा और एमएसएमई (सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम) एवं औद्योगिक पार्क बनाएगा।

शाह ने कहा, ‘‘राजग पटना, दरभंगा, पूर्णियाएवं भागलपुर हवाई अड्डों को वैश्विक मानकों के अनुसार बनाएगा तथा प्रत्येक जिले में एक मेडिकल कॉलेज होगा।’’ उन्होंने बिहार में राजग की सरकार बनने का दावा करते हुए कहा कि ‘‘14 नवंबर को दोपहर एक बजे तक’’ राजद का सफाया हो जाएगा।

शाह ने कहा, ‘‘(पूर्व मुख्यमंत्री) लालू (प्रसाद यादव) का कार्यकाल घोटालों से भरा रहा था। (बिहार के मुख्यमंत्री) नीतीश कुमार एवं नरेन्द्र मोदी की जोड़ी ही विकसित बिहार सुनिश्चित कर सकती है।’’ इसके बाद उन्होंने सीतामढ़ी में चुनावी रैली के दौरान कहा कि सीतामढ़ी में सीता मंदिर धार्मिक, सांस्कृतिक और शैक्षणिक केंद्र बनेगा।

शाह ने सीतामढ़ी में कहा कि नक्सल मुक्त बिहार में पहली बार शाम पांच बजे तक मतदान होगा जबकि राजद-कांग्रेस शासन में माओवादियों के भय के कारण मतदान अपराह्न तीन बजे समाप्त हो जाता था। उन्होंने कहा, ‘‘राजद सरकार ने बिहार को अपहरण, हत्या और जबरन वसूली का अड्डा बना दिया था तथा नीतीश कुमार ने इसकी समृद्धि का मार्ग प्रशस्त किया।’’

उन्होंने वादा किया कि राजग के सत्ता में आने पर बिहार की सभी बंद चीनी मिलों को 2.5 साल में पुनर्जीवित किया जाएगा। शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री ने 10 साल में बिहार को 18.70 लाख करोड़ रुपये दिए, जबकि लालू के शासन में 2.80 लाख करोड़ रुपये दिए गए थे।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital