रोहित और जायसवाल के अर्धशतक, भारत के लंच तक बिना विकेट खोए 146 रन

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 13 Jul 2023 10:33 PM
रोहित और जायसवाल के अर्धशतक, भारत के लंच तक बिना विकेट खोए 146 रन
ऑडियो सुनें

रोसेयु. पदार्पण कर रहे सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल और कप्तान रोहित शर्मा ने नाबाद अर्धशतक जड़े जिससे भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले क्रिकेट टेस्ट के दूसरे दिन गुरुवार को यहां लंच तक पहली पारी में बिना विकेट खोए 146 रन बनाकर अपना पलड़ा भारी रखा.

लंच के समय रोहित 68 जबकि जायसवाल 62 रन बनाकर खेल रहे थे. रोहित ने अपने 15वें अर्धशतक के दौरान अब तक 163 गेंद का सामना करते हुए छह चौके और दो छक्के मारे हैं. जायसवाल अब तक 167 गेंद का सामना कर चुके हैं और उन्होंने सात चौके मारे हैं.
भारत अब वेस्टइंडीज के पहली पारी में 150 रन के स्कोर से सिर्फ चार रन पीछे है. विंडसर पार्क की पिच और धीमी हो गई है और अधिक गेंद रुककर बल्ले पर आ रही हैं. भारतीय बल्लेबाजों ने सुबह के सत्र में कोई गैरजरूरी जोखिम नहीं उठाया. टीम ने इस दौरान कोई विकेट नहीं गंवाया लेकिन रन भी सिर्फ 66 ही बनाए.

ऑफ स्पिनर राहकीम कोर्नवाल (बिना विकेट के 22 रन) और बाएं हाथ के स्पिनर जोमेल वारिकन (बिना विकेट के 34 रन) ने भारतीय बल्लेबाजों को खुलकर बल्लेबाजी करने का मौका नहीं दिया लेकिन विकेट चटकाने में नाकाम रहे. पिच से गेंद के धीमे आने के कारण भारत के सलामी बल्लेबाजों को रक्षात्मक बल्लेबाजी करने में कोई परेशानी नहीं हुई.

दिन की शुरुआत 40 रन से करने वाले जायसवाल ने सुबह के सत्र में अपने पहले चौके के साथ अर्धशतक पूरा किया. उन्होंने तेज गेंदबाज अल्जारी जोसेफ पर पुल शॉट से चार रन बटोरे. सुबह के सत्र का सर्वश्रेष्ठ शॉट रोहित के बल्ले से निकला जिन्होंने जोसेफ पर मिड विकेट पर के ऊपर से छक्का जड़ा. उन्होंने वारिकन पर स्क्वायर कट से चौका जड़ने के बाद उनकी फुलटॉस को भी बाउंड्री के दर्शन कराए.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu