रोहित शर्मा की शीर्ष 10 में वापसी, अश्विन ने नंबर एक पर अपनी स्थिति मजबूत की

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 19 Jul 2023 08:59 PM
रोहित शर्मा की शीर्ष 10 में वापसी, अश्विन ने नंबर एक पर अपनी स्थिति मजबूत की
ऑडियो सुनें

दुबई. भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने अपने 10वें टेस्ट शतक के दम पर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की टेस्ट बल्लेबाजों की रैंकिंग में शीर्ष 10 में वापसी की है जबकि वेस्टइंडीज के खिलाफ श्रृंखला के पहले मैच में 12 विकेट लेने वाले रविचंद्रन अश्विन ने गेंदबाजों की सूची में नंबर एक पर अपनी स्थिति मजबूत की.

रोहित भारतीय बल्लेबाजों में शीर्ष पर काबिज हैं. भारत की वेस्टइंडीज पर पहले टेस्ट मैच में पारी और 141 रन से जीत के बाद रोहित 751 रेटिंग अंक लेकर तीन पायदान ऊपर दसवें नंबर पर पहुंच गए हैं. अपने पदार्पण टेस्ट मैच में ही 171 रन की शानदार पारी खेलने वाले 21 वर्षीय यशस्वी जायसवाल ने भी बल्लेबाजों की सूची में स्थान पाया है. वह 420 अंक लेकर 73वें स्थान पर हैं.

भारतीय बल्लेबाजों में रोहित के बाद ऋषभ पंत का नंबर आता है जो एक पायदान नीचे 11वें स्थान पर खिसक गए हैं. विराट कोहली 711 अंकों के साथ 14वें स्थान पर बने हुए हैं. बल्लेबाजों की सूची में शीर्ष नौ खिलाड़ियों के स्थान में कोई बदलाव नहीं हुआ है.
अश्विन ने बेजोड़ प्रदर्शन से टेस्ट गेंदबाजों की सूची में शीर्ष पर अपना स्थान मजबूत किया है. उनके 884 अंक हैं और उन्होंने दूसरे नंबर पर काबिज ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस पर 56 अंकों की बढ़त बना ली है.

रविंद्र जडेजा ने पहले मैच में पांच विकेट लिए जिससे वह 779 अंकों के साथ तीन पायदान ऊपर सातवें स्थान पर पहुंच गए हैं.
जडेजा ऑलराउंडर की सूची में 449 अंक लेकर शीर्ष पर बने हुए हैं. उन्होंने दूसरे नंबर पर काबिज अपने साथी अश्विन पर 87 अंक की बढ़त बना ली है. अश्विन के 362 अंक हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu