ताल्लिन/कीव. रूस अपने कब्जे वाले यूक्रेनी इलाकों में चुनाव करा रहा है. इसके लिए मतदान शुक्रवार को शुरु हुआ तथा यह रविवार तक जारी रहेगा. इन इलाकों पर अभी भी रूस का पूरी तरह से नियंत्रण नहीं है. रूस के कब्जे वाले इन क्षेत्रों में डोनेट्स्क, लुहान्स्क, खेरसॉन और जापोरिजिया शामिल हैं. इन क्षेत्रों में रूस द्वारा स्थापित विधान इकाइयों के लिए मतदान की प्रक्रिया शुक्रवार को शुरू हुई.
यूक्रेन तथा पश्चिमी देशों ने रूस के इस कदम की निंदा की है.
मानवाधिकार निकाय ‘काउंसिल ऑफ यूरोप’ ने इस सप्ताह कहा था, “यह अंतरराष्ट्रीय कानून का घोर उल्लंघन है, जिसकी रूस लगातार अनदेखी कर रहा है.” यूक्रेन की संसद में एक बयान में कहा गया कि यह मतदान यूक्रेन के लोगों के लिए खतरा पैदा करता है. यूक्रेनी सांसदों ने अन्य देशों से मतदान के परिणामों को मान्यता न देने का आग्रह किया.
राजनीतिक विश्लेषक अब्बास गैलियामोव ने कहा कि रूस इन इलाकों में हालात सामान्य होने का भ्रम बनाए रखने के उद्देश्य से मतदान जैसा कदम उठा रहा है. उन्होंने कहा, “रूसी अधिकारी यह दिखावा करने की पूरी कोशिश कर रहे हैं कि यहां सब कुछ योजना के अनुसार चल रहा है तथा सब कुछ ठीक है.” डोनेट्स्क और लुहान्स्क प्रांतों में, दर्जनों स्थानीय परिषदों की सीट के लिए बड़ी संख्या में उम्मीदवार मैदान में हैं.
जेलेंस्की के गृहनगर में रूस के मिसाइल हमले में एक पुलिसकर्मी की मौत, 52 अन्य घायल
मध्य यूक्रेन में राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के गृहनगर में शुक्रवार को रूस द्वारा किए गए मिसाइल हमले में एक पुलिसकर्मी की मौत हो गई और कम से कम 52 अन्य घायल हो गए. देश के दक्षिणी खेरसोन क्षेत्र में एक अन्य हमले में तीन लोग मारे गए. अधिकारियों ने बताया कि ये हमले यूक्रेन पर रूस द्वारा रातभर किए गए हमलों में शामिल हैं.
इस बीच, रूस उन क्षेत्रों में स्थानीय चुनाव में राजनीतिक रूप से अपनी स्थिति मजबूत करने की कोशिश कर रहा है जिन्हें उसने अवैध रूप से रूस के साथ मिला लिया है. इनमें कुछ ऐसे भी इलाके हैं जिन पर उसका अब भी पूर्ण नियंत्रण नहीं है. यूक्रेन के विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि वह इन ”फर्जी चुनावों” को मान्यता नहीं देता है.
बीती रात हुए इन हमलों से कुछ ही दिन पहले पूर्वी यूक्रेन के एक बाजार पर किए गए हमले में 16 लोग मारे गए और रोमानिया में ड्रोन का मलबा मिला. इससे स्थानीय लोगों में यह डर फैल गया कि युद्ध यूक्रेन से सटे नाटो के सदस्य देश में भी फैल सकता है. जेलेंस्की के गृहनगर क्रीव्यी रिह में शुक्रवार को हुए हमले में दस इमारतें नष्ट हो गईं. यूक्रेन के गृह मंत्री इहोर क्लीमेंखो के अनुसार मलबे से निकाले गए तीन लोगों की हालत गंभीर है.
क्लीमेंखो द्वारा टेलीग्राम पर सार्वजनिक की गयी तस्वीरों में एक भवन से आग की लपटें उठती हुईं तथा आपात सेवाओं के लोग घायलों को बचाते हुए दिखे. उन्होंने बताया कि दक्षिण यूक्रेन के खेरसोन क्षेत्र के ओडराडोकामियांका गांव में भी शुक्रवार को रूसी हमले में तीन लोगों की मौत हो गयी.