कीव. यूक्रेन की वायुसेना ने दावा किया कि सोमवार तड़के रूस ने कीव को निशाना बनाकर आठ बैलेस्टिक मिसाइलें दागीं जिन्हें उसने नाकाम कर दिया. अधिकारियों ने हालांकि कहा कि विफल किए गए हमले में भी एक व्यक्ति छर्रे लगने से घायल हो गया यूक्रेन की राजधानी में तड़के चार बजे के बाद जोरदार विस्फोटों की आवाज सुनी गई जिसके बाद हवाई हमले के सायरन बजने लगे.
यूक्रेन के गृह मामलों के मंत्री इहोर क्लिमेंको ने कहा कि पूर्वी कीव के दार्न्स्किकी जिले में एक मिसाइल का मलबा गिरा जबकि राजधानी के अन्य इलाकों में धमाकों की वजह से एक मकान की खिड़कियां क्षतिग्रस्त हो गईं. यूक्रेन के ऊर्जा मंत्रालय के मुताबिक हमले की वजह से शहर के 120 मकानों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई. मंत्रालय के मुताबिक रूसी सैनिकों ने पिछले साल र्सिदयों में जानबूझकर यूक्रेन की ऊर्जा प्रणाली को निशाना बनाया था जिसकी वजह से पूरे देश में बिजली की आपूर्ति बाधित हो गई थी.
अभी दो सप्ताह पहले ही कीव पर हमले हुए थे और यूक्रेन के अधिकारियों का कहना था कि 2022 में रूस के हमले की शुरुआत के बाद से यह सबसे भीषण ड्रोन हमला था. यूक्रेन की वायु सेना ने कहा कि रूस ने राजधानी कीव को निशाना बनाने के लिए ईरान निर्मित 75 शाहिद ड्रोन का इस्तेमाल किया जिनमें से 74 को हवाई सुरक्षा प्रणाली द्वारा नष्ट कर दिया गया.
रूस द्वारा सोमवार को राजधानी में हमला ऐसे समय किया गया है जब यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की अर्जेंटीना की यात्रा पर हैं. वह लातिन अमेरिकी देश के नव निर्वाचित राष्ट्रपति जेवियर मिलाई के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने गए हैं. जेलेंस्की ने अर्जेंटीना में मिलाई के अलावा उरुग्वे, पराग्वे और इक्वाडोर के राष्ट्रपतियों से मुलाकात की.