संयुक्त राष्ट्र/क्रेमेनचुक. यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने मंगलवार को रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन पर एक ‘‘ आतंकवादी ’’ बनने और ‘‘आतंकवादी देश’’ का नेतृत्व करने का आरोप लगाते हुए संयुक्त राष्ट्र से रूस को निष्कासित करने का अनुरोध किया. संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की बैठक को वीडियो के जरिए संबोधित करते हुए जेलेंस्की ने संयुक्त राष्ट्र से ‘‘ रूस के यूक्रेन की धरती पर अंजाम दिए कृत्यों’’ की जांच करने और उस देश को जवाबदेह ठहराने के लिए एक अंतरराष्ट्रीय न्यायाधिकरण स्थापित करने का आग्रह किया.
जेलेंस्की ने कहा, ‘‘ रूस द्वारा की जा रही इन हत्याओं को रोकने के लिए हमें तुरंत कार्रवाई करनी होगी.’’ उन्होंने आगाह किया कि ऐसा न करने पर रूस के ‘‘आतंकवादी कृत्य’’ अन्य यूरोपीय देशों और एशिया में भी फैलने लगेंगे. जेलेंस्की ने कहा, ‘‘ पुतिन एक आतंकवादी बन गए हैं. हर दिन आतंकवादी कृत्यों को अंजाम दे रहे हैं, सप्ताहांत पर भी नहीं रुक रहे. हर दिन वे आतंकवादियों की तरह व्यवहार कर रहे हैं.’’
संयुक्त राष्ट्र से रूस को बाहर करने का आग्रह करते हुए उन्होंने संयुक्त राष्ट्र चार्टर के अनुच्छेद-6 का हवाला दिया, जिसमें कहा गया है कि एक सदस्य देश ‘‘जिसने वर्तमान चार्टर के सिद्धांतों का लगातार उल्लंघन किया है, उसे सुरक्षा परिषद के अनुरोध पर महासभा द्वारा संगठन से निष्कासित किया जा सकता है.’’ रूस को निष्कासित करना असल में असंभव है, क्योंकि वह सुरक्षा परिषद का स्थायी सदस्य है और अपने खिलाफ ऐसी किसी भी कार्रवाई को रोकने के लिए वह ‘वीटो’ का इस्तेमाल कर सकता है.
जेलेंस्की ने अपने संबोधन को समाप्त करते हुए सुरक्षा परिषद के सदस्यों और अन्य लोगों को युद्ध में मारे गए ‘‘लाखों’’ यूक्रेनी बच्चों तथा वयस्कों को खडेÞ होकर एवं मौन रखकर श्रद्धांजलि देने का आग्रह किया. जेलेंस्की के अनुरोध पर संयुक्त राष्ट्र में रूस के उप राजदूत दिमित्री पोलांस्की सहित सभी सदस्य खड़े हुए.
वहीं, रूस के राजदूत ने यूक्रेन के राष्ट्रपति के वीडियो संबोधन को परिषद की परंपराओं तथा उन मौजूदा सिद्धांतों का उल्लंघन करार दिया, जिसके अनुसार किसी भी नेता को परिषद में अपनी बात रखने के लिए कक्ष में उपस्थित होना चाहिए. दिमित्री पोलांस्की ने कहा, ‘‘ संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद को राष्ट्रपति जेलेंस्की के नाटो (उत्तर अटलांटिक संधि) के सदस्य देशों से अधिक हथियार प्राप्त करने के लिए एक प्रचार अभियान का मंच नहीं बनना चाहिए.’’
एक ‘‘राक्षस’’ ही मॉल पर हमला कर सकता है: यूक्रेन में मॉल पर मिसाइल हमले के पीड़ितों ने कहा
यूक्रेन के क्रेमेनचुक स्थित भीड़भाड़ वाले शॉंिपग मॉल पर रूस के मिसाइल हमले के एक दिन बाद भी तनाव व्याप्त है. सड़कों पर मलबा फैला है और धुआं अब भी लोगों की आंखों में चुभ रहा है. मॉल पर सोमवार को हुए इस हमले में 18 लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक लोग अब भी लापता हैं. वहीं, कई अन्य लोग घायल भी हुए हैं.
क्रेमेनचुक में भीड़-भाड़ वाला मॉल रूस पर युद्ध अपराधों के आरोपों का एक नया उदाहरण बन गया है. इसमें शहर की खिलौनों की सबसे बड़ी दुकान थी. रूस ने नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाए जाने से लगातार इनकार किया है, इसके बावजूद रूसी हमलों में शॉंिपग मॉल, रेलवे स्टेशन, सिनेमाघर, अस्पताल और इमारतों को निशाना बनाया गया है.
हमले के बाद मलबे से काले धुएं और धूल के गुबार के साथ नारंगी रंग की आग की लपटें उठीं. आग को बुझा दिया गया है, लेकिन इसके एक दिन बाद भी मलबे से गंध आ रही है. हवा में बजरी भर गई है, जिससे त्वचा और आंखों में जलन हो रही है. घटना के कई वीडियो सामने आए हैं, जिसमें से एक में वीडियो में एक व्यक्ति मां का आवाज देता नजर आ रहा है. मॉल के एक कर्मचारी ओलेक्जेंडर ने बताया कि वह अपने एक सहकर्मी के साथ सिगरेट पीने बाहर गए थे, जब हवाई हमले को लेकर आगाह करने के लिए एक साइरन बजा.
उन्होंने कहा, ‘‘ मेरी आंखों के आगे दो मिनट के लिए अंधेरा छा गया. सबकुछ काला, धुएं से भरा था और आग लगी थी. मैंने उठने की कोशिश की और सूरज को देखा. मेरे मन में बस यही आया कि मुझे खुद को बचाना होगा.’’ उन्होंने कहा कि हर तरफ आग लगी थी. ‘‘ मैं खुशकिस्मत था जो बच गया.’’ कतरीना रोमाशन्या बस मॉल पहुंची ही थीं कि विस्फोट हो गया और वह जमीन पर गिर गईं. विस्फोट के कारण उनके आसपास की खिड़कियां उड़ गईं थी.
उन्होंने बताया कि करीब 10-15 मिनट बाद एक अन्य विस्फोट हुआ था. रोमाशन्या ने कहा, ‘‘ मुझे लगा कि मुझे यहां से निकलना पड़ेगा. मैं बहुत डरी हुई थी.’’ उन्होंने कहा कि एक असली ‘‘राक्षस’’ ही मॉल को तबाह कर सकता है. उन्होंने कहा, ‘‘मेरे पास शब्द नहीं बचे हैं.’’ यूक्रेनी अधिकारियों ने कहा कि मॉल पर सीधे हमले के अलावा, एक फैक्टरी को भी निशाना बनाया गया. हालांकि, फैक्टरी में हथियार होने के रूसी अधिकारियों के दावों को उन्होंने खारिज कर दिया.