शोल्ज, मैक्रों, मोहम्मद बिन सलमान जी20 शिखर सम्मेलन के लिए पहुंचे

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Sat, 09 Sep 2023 04:44 PM
शोल्ज, मैक्रों, मोहम्मद बिन सलमान जी20 शिखर सम्मेलन के लिए पहुंचे
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली: जर्मनी के चांसलर ओलाफ शोल्ज, सऊदी अरब के युवराज मोहम्मद बिन सलमान, फ्रांस के राष्ट्रपति एमैनुएल मैक्रों और विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के प्रमुख टेड्रोस अधनोम घेब्रेयेसस दो दिवसीय जी20 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए शनिवार सुबह नयी दिल्ली पहुंचे।

जहां सऊदी अरब के युवराज मोहम्मद बिन सलमान का स्वागत केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने किया, वहीं मैक्रों का स्वागत केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने किया। अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन, ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला डा सिल्वा और ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक समेत कई नेता शुक्रवार को ही सम्मेलन के लिए नयी दिल्ली पहुंच गए थे। सम्मेलन शनिवार सुबह यहां ‘भारत मंडपम’ में आरंभ हुआ।

सभी नेताओं का हवाई अड्डे पर परंपरागत तरीके से स्वागत किया गया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ब्राजील के राष्ट्रपति का स्वागत करते हुए कहा कि वह उनसे हाल में जोहानिसबर्ग में मिले थे। मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘मुझे जी20 शिखर सम्मेलन में उनसे (लूला डा सिल्वा) फिर से मिलने का मौका पाकर खुशी हुई। विभिन्न विषयों पर उनके विचारों को जानने की उत्सुकता से प्रतीक्षा कर रहा हूं।’’

जी20 नेता यहां 9-10 सितंबर को समूह के वार्षिक शिखर सम्मेलन में महत्वपूर्ण वैश्विक मुद्दों पर विचार-विमर्श करेंगे। भारत जी20 के वर्तमान अध्यक्ष के रूप में शिखर सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है। इसके बाद ब्राजील यह जिम्मेदारी संभालेगा।
जी20 में अर्जेंटीना, आॅस्ट्रेलिया, ब्राजील, कनाडा, चीन, फ्रांस, जर्मनी, भारत, इंडोनेशिया, इटली, जापान, कोरिया गणराज्य, मेक्सिको, रूस, सऊदी अरब, दक्षिण अफ्रीका, तुर्किये, ब्रिटेन, अमेरिका और यूरोपीय संघ (ईयू) शामिल है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav