मथुरा में सड़क दुर्घटना में सात की मौत, योगी ने जताया शोक

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Sat, 07 May 2022 12:40 PM
मथुरा में सड़क दुर्घटना में सात की मौत, योगी ने जताया शोक
ऑडियो सुनें

मथुरा. मथुरा जिले में शनिवार की सुबह नौहझील इलाके में यमुना एक्सप्रेस-वे पर आगरा से नोएडा की ओर जा रही एक कार आगे चल रहे वाहन से टकरा गयी। हादसे में कार में सवार तीन महिलाओं सहित सात लोगों की मौत हो गई तथा दो लोग घायल हो गए।

पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया तथा मृतकों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजे हैं। मृतक एक ही परिवार के सदस्य बताए जाते हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के प्रति शोक व्यक्त किया तथा जिला प्रशासन को घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं।

पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्रीश चंद्र ने बताया कि कार सवार लोग उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के बहादुरपुर गांव के रहने वाले थे । यह लोग गांव में शादी समारोह में शामिल होने के बाद शनिवार की सुबह नोएडा लौट रहे थे। कार में लल्लू गौतम, उनकी पत्नी छुटकी, पुत्र राजेश, राजेश की पत्नी नन्दनी, संजय, संजय की पत्नी निशा, संजय के पुत्र धीरज और हर्ष तथा श्रीगोपाल गौतम आदि सवार थे।

उन्होंने बताया कि सुबह करीब पांच बजे इनकी कार यमुना एक्सप्रेस-वे पर आगे चल रहे एक अज्ञात वाहन से टकरा गई। तेज रफ्तार होने के कारण कार में सवार सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो गंभीर घायल हुए हैं। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि हादसे में लल्लू गौतम, संजय, संजय की पत्नी निशा, लल्लू की पत्नी छुटकी, राजेश, राजेश की पत्नी नन्दनी, संजय के पुत्र धीरज की मौत हो गई जबकि श्रीगोपाल और हर्ष घायल हुए हैं।

मृतकों की उम्र के बारे में अभी जानकारी नही मिल पायी है । पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मृतकों के परिजनों को हादसे के बारे में सूचना दे दी गई है। यमुना एक्सप्रेस-वे पर हुए इस भीषण हादसे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री कार्यालय से जारी ट्वीट में कहा गया, ” मुख्यमंत्री ने हादसे पर शोक जताया तथा पीड़ित परिजन के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने जिला प्रशासन को घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं।

Join Our WhatsApp Channel G Prefer Navabharat News on Google

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav