शहबाज शरीफ ने दूसरी बार पाकिस्तान के प्रधानमंत्री पद की शपथ ली

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 04 Mar 2024 07:57 PM
शहबाज शरीफ ने दूसरी बार पाकिस्तान के प्रधानमंत्री पद की शपथ ली
ऑडियो सुनें

इस्लामाबाद. शहबाज शरीफ ने सोमवार को पाकिस्तान के प्रधानमंत्री पद की शपथ ली. वह 2022 के बाद दूसरी बार देश की बागडोर संभालेंगे. शहबाज ने दूसरी बार ऐसे समय में पाकिस्तान की बागडोर संभाली है, जब देश आर्थिक बदहाली का सामना कर रहा है.
राष्ट्रपति आरिफ अल्वी ने राष्ट्रपति भवन ‘ऐवान-ए-सद्र’ में आयोजित एक समारोह में 72 वर्षीय शहबाज को पद की शपथ दिलाई.
संक्षिप्त समारोह पवित्र कुरान के पाठ के साथ शुरू हुआ, जिसके बाद शपथ ग्रहण हुआ.

समारोह में तीनों सेनाओं के प्रमुख, वरिष्ठ अधिकारी, राजनयिक, प्रमुख कारोबारी, नागरिक समाज और मीडिया संगठनों के सदस्य शामिल हुए. कार्यवाहक प्रधानमंत्री अनवारुल हक काकड़ भी मौजूद थे. समारोह में पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ, पंजाब की मुख्यमंत्री मरयम नवाज और सिंध के मुख्यमंत्री मुराद अली शाह भी उपस्थित थे.

संसद भंग होने से पहले शहबाज शरीफ ने अप्रैल 2022 से अगस्त 2023 तक गठबंधन सरकार के प्रधानमंत्री के रूप में कार्य किया था.
रविवार को, पीएमएल-एन और पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) के संयुक्त उम्मीदवार शहबाज शरीफ (72) को 336 सदस्यीय सदन में 201 वोट मिले थे, जो सदन का नेता बनने के लिए आवश्यक मतों से 32 अधिक हैं.

जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के उनके प्रतिद्वंद्वी उमर अयूब खान को 92 वोट मिले. नेशनल असेंबली के अध्यक्ष सरदार एयाज सादिक ने नतीजों की घोषणा करते हुए शहबाज को पाकिस्तान का 24वां प्रधानमंत्री नियुक्त किया था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu