‘मुफासा: द लॉयन किंग’ में बेटों आर्यन और अबराम के साथ आवाज देंगे शाहरुख खान

मुंबई. अभिनेता शाहरुख खान आने वाली रोमांचक फिल्म ‘मुफासा: द लॉयन किंग’ के हिंदी संस्करण के लिए अपने बेटों आर्यन खान और अबराम खान के साथ आवाज देंगे. ऑस्कर पुरस्कार विजेता बैरी जेनकिन्स द्वारा निर्देशित फिल्म 20 दिसंबर को अंग्रेजी, हिंदी, तमिल और तेलुगू में रिलीज होगी.

खान (58) ने सोमवार को इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट डालकर इसकी जानकारी दी. उसके साथ एक वीडियो में आने वाली एनिमेटिड फिल्म की कुछ झलक हैं और एक कैप्शन है जिसमें लिखा है, ”मुफासा के तौर पर किंग खान की वापसी. साथ में हैं आर्यन खान और अबराम खान.” अबराम के लिए यह पहली फिल्म होगी, जबकि आर्यन इससे पहले शाहरुख के साथ 2019 में आई ‘द लॉयन किंग’ में काम कर चुके हैं, जहां उन्होंने फिल्म के हिंदी संस्करण में सिम्बा के किरदार को आवाज दी थी और शाहरुख ने मुफासा को अपनी आवाज दी थी.

शाहरुख ने कहा, ”मैं एक पिता के रूप में उनसे गहराई से जुड़ा पाता हूं और फिल्म में मुफासा की यात्रा से भी जुड़ा हुआ हूं. ‘मुफासा: द लॉयन किंग’ में मुफासा के बचपन से लेकर एक अविश्वसनीय राजा के रूप में उसके उत्थान तक के जीवन को दर्शाया गया है, और इस किरदार को फिर से निभाना असाधारण रहा है.” उन्होंने एक वक्तव्य में कहा, ”यह मेरे लिए डिज्नी के साथ एक विशेष साझेदारी रही है, खासकर इसलिए क्योंकि मेरे बेटे आर्यन और अबराम इस यात्रा का हिस्सा हैं और उनके साथ इस अनुभव को साझा करना वास्तव में सार्थक है.”

डिज्नी स्टार के स्टूडियो प्रमुख बिक्रम दुग्गल ने कहा, ”जब ‘मुफासा: द लॉयन किंग’ की घोषणा की गई थी, तो हम शाहरुख खान और आर्यन खान के अलावा किसी और को मुफासा और सिम्बा के रूप में हमारी पारिवारिक मनोरंजक फिल्म में वापस नहीं देख पा रहे थे. अब, कलाकारों में अबराम के भी शामिल होने के साथ, यह फिल्म हमारे लिए और भी खास हो गई है. हमारा प्रयास है कि लाखों भारतीय दर्शक अपने परिवारों के साथ इस अविश्वसनीय कहानी का आनंद लें.”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button