नवाज की पाकिस्तान वापसी से पहले ”कुछ गारंटी” चाहते हैं शरीफ बंधु

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 21 Sep 2023 07:40 PM
नवाज की पाकिस्तान वापसी से पहले ”कुछ गारंटी” चाहते हैं शरीफ बंधु
ऑडियो सुनें

इस्लामाबाद/लाहौर. पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) पार्टी प्रमुख नवाज शरीफ और उनके भाई शहबाज शरीफ अगले महीने नवाज की पाकिस्तान वापसी से पहले ‘कुछ गारंटी’ चाहते हैं. यह जानकारी बृहस्पतिवार को मीडिया में प्रकाशित एक रिपोर्ट से मिली. ‘डॉन’ समाचारपत्र की खबर के अनुसार, दो दिन पहले लंदन से लाहौर लौटे शहबाज फिर से अपने बड़े भाई नवाज शरीफ से मुलाकात के लिए बृहस्पतिवार को विमान से रवाना होंगे.

तीन बार प्रधानमंत्री रह चुके नवाज (73) के 21 अक्टूबर को पाकिस्तान लौटने और अगले कुछ महीनों में होने वाले आम चुनाव में पीएमएल-एन पार्टी का नेतृत्व करने की उम्मीद है. इसमें कहा गया, ”क्या भ्रष्टाचार रोधी निगरानी इकाई राष्ट्रीय जवाबदेही ब्यूरो (एनएबी) चौधरी शुगर मिल्स मामले में नवाज की संरक्षण जमानत का विरोध करेगी… यह देखने को मिलेगा जब अपनी नियोजित वापसी से पहले पार्टी प्रमुख इसके लिए आवेदन करेंगे.”

पार्टी के एक अंदरूनी सूत्र के हवाले से ‘डॉन’ ने कहा, ”शरीफ बंधु नवाज की वापसी से पहले ‘कुछ गारंटी’ चाहते हैं.” यह खबर कि शरीफ बंधु ‘कुछ गारंटी’ चाहते हैं, महत्वपूर्ण है क्योंकि 21 अक्टूबर को पाकिस्तान लौटने वाले बड़े भाई (नवाज शरीफ) को उच्चतम न्यायालय के उस ऐतिहासिक फैसले का सामना करना पड़ेगा जिसने उनके खिलाफ भ्रष्टाचार के मामलों को बहाल कर दिया है.

पाकिस्तान के उच्चतम न्यायालय ने देश के भ्रष्टाचार रोधी कानूनों में हालिया संशोधनों को 15 सितंबर को रद्द कर दिया था और नवाज शरीफ सहित अन्य के खिलाफ भ्रष्टाचार के मामलों को बहाल कर दिया था. शहबाज के ब्रिटेन पहुंचने से पहले नवाज शरीफ की बेटी एवं पार्टी उपाध्यक्ष मरियम नवाज के एक अलग उड़ान से लंदन पहुंचने की उम्मीद है.

समाचार पत्र ने पार्टी के अंदरूनी सूत्रों के हवाले से कहा कि नवाज शरीफ की पाकिस्तान वापसी के संबंध में दोनों भाई – नवाज और शहबाज – एक “महत्वपूर्ण बातचीत” करेंगे. इसमें कहा गया है कि ”महत्वपूर्ण चर्चाएं” हैं जो “आमने सामने बैठक” होनी चाहिए.
उक्त खबर में पार्टी के एक नेता के हवाले से कहा गया है, ”निश्चित तौर पर कुछ जरूरी बात है जिस पर फोन पर चर्चा नहीं की जा सकती.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu