
नयी दिल्ली. फिल्मकार राजकुमार संतोषी के निर्देशन वाली और सनी देओल तथा प्रीति जिंटा अभिनीत फिल्म ”लाहौर 1947” की शूटिंग पूरी कर ली गई है. फिल्म में शबाना आजमी भी मुख्य भूमिका में हैं और इसका निर्माण आमिर खान ने आमिर खान प्रोडक्शंस के माध्यम से किया है. फिल्म निर्माण से जुड़े एक करीबी सूत्र के अनुसार, फिल्म की शूटिंग 70 दिन के व्यस्त कार्यक्रम में पूरी हो गई.
उन्होंने कहा, ”बिना किसी विराम के फिल्म की शूटिंग पूरी कर ली गई है. जाने-माने अभिनेताओं को फिल्म में अपनी अदाकारी से जादू बिखेरता देखना एक शानदार अनुभव रहा है.” सूत्र ने कहा, ”मोटे तौर पर फिल्म की शूटिंग पूरी हो चुकी है. राज जी अपने काम से उत्साहित हैं.” ”लाहौर 1947” की कहानी का खुलासा नहीं किया गया है. फिल्म में एआर रहमान का संगीत और जावेद अख्तर के बोल होंगे.



