सिद्धरमैया ने प्रधानमंत्री मोदी से कहा, ‘मैं एक शक्तिशाली मुख्यमंत्री, आपकी तरह कमजोर नहीं’

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 19 Mar 2024 09:56 PM
सिद्धरमैया ने प्रधानमंत्री मोदी से कहा, ‘मैं एक शक्तिशाली मुख्यमंत्री, आपकी तरह कमजोर नहीं’
ऑडियो सुनें

बेंगलुरु. कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को एक ‘कमजोर प्रधानमंत्री’ करार दिया, जो भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में बागी नेताओं पर लगाम लगाने में नाकामयाब साबित हुए. प्रधानमंत्री मोदी ने शिवमोगा में सोमवार को एक जनसभा के दौरान सिद्धरमैया पर तल्ख टिप्पणी की थी, जिस पर मुख्यमंत्री ने यह प्रतिक्रिया दी.

प्रधानमंत्री मोदी ने आरोप लगाया था, ”कर्नाटक में इस लूट में भागीदार बनने की होड़ लगी हुई है. इनमें ‘सीएम-इन-वेटिंग’, ‘भावी सीएम उम्मीदवार’, ‘सुपर सीएम’ और ‘शैडो सीएम’ शामिल हैं. कई मुख्यमंत्रियों के बीच, दिल्ली में एक संग्रह मंत्री है.” सिद्धरमैया ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में प्रतिक्रिया देते हुए कहा, ”आप एक ‘कमजोर प्रधानमंत्री’ से ज्यादा कुछ नहीं हैं, जो बागी नेता ईश्वरप्पा के खिलाफ कार्रवाई तक नहीं कर सकते? प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, आपने कहा था कि कांग्रेस पार्टी में ‘सुपर सीएम’ और ‘शैडो सीएम’ हैं. हमारे पास कोई सुपर, कोई शैडो नहीं बल्कि एक ही मुख्यमंत्री है जो ‘मजबूत सीएम’ है. मैं आपकी तरह ‘कमजोर पीएम’ नहीं हूं.”

उन्होंने कहा, ”आप खुद को 56 इंच की छाती वाला बताते हैं. आपके प्रशंसक आपको ‘विश्वगुरु’ कहकर बुलाते हैं. लेकिन आप बार-बार खुद को ‘कमजोर पीएम’ के तौर पर दिखा रहे हैं.” मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने एक बार आपके नेतृत्व के खिलाफ बगावत की और आपके साथ दुर्व्यवहार किया. सिद्धारमैया ने पूछा, ”ऐसे लोगों के चरणों में गिरकर, उन्हें पार्टी में वापस लाकर और रैली निकालकर क्या आपने खुद को ‘कमजोर पीएम’ के रूप में नहीं दिखाया?”

मुख्यमंत्री ने पूछा, ”कर्नाटक में आधा दर्जन नेताओं ने आपके खिलाफ बगावती की. टिकट न मिलने पर भाजपा नेता सड़कों पर उतरकर एक-दूसरे पर कीचड़ उछाल रहे हैं. उन्होंने आपकी एक भी फरियाद नहीं सुनी. उनमें से कुछ हमसे संपर्क भी कर रहे हैं. ‘अनुशासित पार्टी’ में अनुशासनहीनता का ऐसा नाच! क्या ऐसा इसलिए नहीं है क्योंकि आप एक ‘कमजोर प्रधानमंत्री’ हैं?”

उन्होंने कहा कि शिवमोगा में मोदी की जनसभा में ईश्वरप्पा शामिल नहीं हुए जबकि वह कार्यक्रम स्थल से कुछ ही दूरी पर अपने घर पर थे. सिद्धरमैया ने पूछा, ”ईश्वरप्पा लगातार भाजपा नेतृत्व के खिलाफ बोल रहे हैं. आप एक ‘कमजोर प्रधानमंत्री’ के अलावा कुछ नहीं हैं, जो उनके खिलाफ कार्रवाई तक नहीं कर सकते?”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu