सिंधू और श्रीकांत बैडमिंटन एकल प्री क्वार्टरफाइनल में

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 04 Aug 2022 05:55 PM
सिंधू और श्रीकांत बैडमिंटन एकल प्री क्वार्टरफाइनल में

ऑडियो सुनें

बर्मिंघम. शीर्ष भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधू और किदाम्बी श्रीकांत ने गुरूवार को यहां आसान जीत दर्ज कर राष्ट्रमंडल खेलों की अपनी अपनी एकल स्पर्धा के प्री क्वार्टरफाइनल में प्रवेश किया. दो बार की ओलंपिक पदक विजेता सिंधू ने राउंड 32 के मुकाबले में मालदीव की फातिमा नबाहा अब्दुल रज्जाक को महज 21 मिनट में 21-4 21-11 से हरा दिया. वहीं पुरूष एकल स्पर्धा में श्रीकांत ने युगांडा के डेनियल वानागालिया को 21-9 21-9 से शिकस्त दी.

पहले कोर्ट में उतरी पिछले चरण की रजत पदक विजेता सिंधू को मुकाबले में जरा भी पसीना नहीं बहाना पड़ा जबकि फातिमा को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा था. पहले गेम में सिंधू ने आक्रामकता बरते बिना ही मालदीव की प्रतिद्वंद्वी को पस्त कर दिया जिसमें उन्होंने अंक जुटाने के लिये ड्राप शॉट्स का इस्तेमाल किया. दूसरे गेम में फातिमा ने शुरू में थोड़ी चुनौती पेश की और वह सिंधू के साथ 9-9 की बराबरी पर थी क्योंकि भारतीय खिलाड़ी ने सहज गलतियों से अंक दे दिये थे.

लेकिन फिर सिंधू ने ब्रेक तक 11-9 की बढ़त हासिल कर ली. इसके बाद उन्होंने आराम से अंक जुटाकर अंतिम 16 में जगह बनायी जबकि प्रतिद्वंद्वी केवल दो अंक ही बना सकी. मिश्रित टीम स्पर्धा के फाइनल में अपने से निचली रैंंिकग के मलेशियाई खिलाड़ी जे योंग एन से हारने से श्रीकांत काफी निराश थे. लेकिन दुनिया के 13वें नंबर के खिलाड़ी ने अपने क्रास कोर्ट कोण लेते ड्रॉप शॉट्स की बदौलत अंक जुटाये. युगांडा के खिलाड़ी को अपने ज्यादातर अंक श्रीकांत की सहज गलतियों से मिले.

By Yogesh Kumar Sahu