सिंगापुर ने 16 कीड़ों को मानव भोजन के रूप में इस्तेमाल करने की मंजूरी दी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 08 Jul 2024 08:17 PM
सिंगापुर ने 16 कीड़ों को मानव भोजन के रूप में इस्तेमाल करने की मंजूरी दी
ऑडियो सुनें

सिंगापुर. सिंगापुर के खाद्य नियामक ने मनुष्यों के भोजन के रूप में झींगुर, टिड्डे और टिड्डियों जैसे कीड़ों की लगभग 16 प्रजातियों के इस्तेमाल की मंजूरी दे दी है. ‘द स्ट्रेट्स टाइम्स’ समाचार पत्र की रिपोर्ट के अनुसार, यह बहुप्रतीक्षित घोषणा उद्योग जगत के उन कारोबारियों के लिए खुशखबरी है जो चीन, थाईलैंड और वियतनाम में मिलने वाले कीड़ों की सिंगापुर में आपूर्ति और खानपान का कारोबार करते है.

भोजन के लिए स्वीकृत कीड़ों में झींगुर, टिड्डे, टिड्डियां, मीलवर्म (भोजनकृमि) और रेशमकीट की विभिन्न प्रजातियां शामिल हैं.
सिंगापुर खाद्य एजेंसी (एसएफए) ने कहा कि जो लोग मानव उपभोग या पशुधन के चारे के लिए कीड़ों का आयात या पालन करना चाहते हैं, उन्हें एसएफए के दिशानिर्देशों का पालन करना होगा. इन दिशानिर्देशों के तहत, इस बात का दस्तावेजी सबूत मुहैया कराना अनिवार्य है कि आयातित कीड़ों का खाद्य सुरक्षा नियंत्रण से संबंधित विनियमित प्रतिष्ठानों में पालन किया गया और इन्हें जंगलों से नहीं लाया गया.

एजेंसी ने कहा कि जो कीड़े एसएफए की 16 कीटों की सूची में नहीं हैं, उन्हें यह सुनिश्चित करने के लिए आकलन से गुजरना होगा कि वे उपभोग के लिए सुरक्षित हैं. एसएफए ने कीड़ों की 16 प्रजातियों को उपभोग के लिए स्वीकृत करने की संभावना पर सार्वजनिक परामर्श अक्टूबर 2022 में शुरू किया था.

अप्रैल 2023 में एसएफए ने कहा था कि वह 2023 की दूसरी छमाही में इन प्रजातियों के उपभोग को हरी झंडी दे देगी लेकिन बाद में इस समय सीमा को 2024 की पहली छमाही तक आगे बढ़ा दिया गया. संयुक्त राष्ट्र खाद्य एवं कृषि संगठन, खाद्य पदार्थ के रूप में कीटों को मांस से बेहतर विकल्प के रूप में पेश करता है, क्योंकि उनमें प्रोटीन की मात्रा अधिक होती है और उनके पालन में कम ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन होता है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu