हाथरस भगदड़ मामले में छह लोग गिरफ्तार, मुख्य आरोपी सेवादार पर एक लाख का इनाम घोषित

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 04 Jul 2024 08:13 PM
हाथरस भगदड़ मामले में छह लोग गिरफ्तार, मुख्य आरोपी सेवादार पर एक लाख का इनाम घोषित
ऑडियो सुनें

हाथरस/मैनपुरी. उत्तर प्रदेश के हाथरस भगदड़ कांड के सिलसिले में अब तक छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी तथा सेवादार पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया है. पुलिस ने इसकी जानकारी दी. अलीगढ़ संभाग के पुलिस महानिरीक्षक शलभ माथुर ने यहां संवाददाता सम्मेलन में बताया कि पिछले मंगलवार को हाथरस के सिकंदराराऊ क्षेत्र स्थित फुलरई गांव में आयोजित हरिनारायण साकार विश्वहरि उर्फ भोले बाबा के सत्संग में मची भगदड़ में 121 लोगों की मौत के मामले में अब तक दो महिला सेवादारों समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है.

उन्होंने बताया कि मामले के प्रमुख अभियुक्त और मुख्य सेवादार देव प्रकाश मधुकर पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया है. उसके खिलाफ जल्द ही गैर जमानती वारंट भी जारी किया जाएगा. पुलिस महानिरीक्षक ने कहा, ”विवेचना में इस चीज को भी देखा जाएगा कि किसी व्यक्ति या संस्था द्वारा कोई आपराधिक षड्यंत्र तो नहीं किया गया था.” भोले बाबा से पूछताछ या उसकी गिरफ्तारी की सम्भावना के बारे में पूछने पर माथुर ने कहा, ”आगे किसी की गिरफ्तारी होगी या नहीं, यह विवेचना पर निर्भर करेगा. जांच में आगे किसी की भूमिका निकलकर आयेगी तो कार्रवाई होगी. जरूरत पड़ेगी तो जरूर पूछताछ की जाएगी.”

उन्होंने बताया कि पकड़े गये लोगों में राम नरेते, उपेन्द्र सिंह यादव, नेक सिंह, मंजू यादव, मुकेश कुमार और मंजू देवी शामिल हैं. पूछताछ में इन लोगों ने बताया कि वे सभी सत्संग आयोजन समिति के सदस्य हैं. वे मुख्यत: सेवादार के रूप में काम करते हैं और अतीत में भी वह ऐसे कई आयोजन करा चुके हैं. वे बैरीकेडिंग करके भीड़ नियंत्रण, पंडाल व्यवस्था, बिजली आपूर्ति और सफाई की व्यवस्था कराते थे.

भोले बाबा मैनपुरी के आश्रम में मौजूद नहीं : पुलिस
हाथरस भगदड़ मामले में उपदेशक हरिनारायण साकार उर्फ भोले बाबा की भूमिका को लेकर उठ रहे सवालों के बीच पुलिस ने बाबा के मैनपुरी स्थित आश्रम में उसके मौजूद नहीं होने का दावा किया है. सूत्रों के मुताबिक, मैनपुरी के बिछवां कस्बे में स्थित भोले बाबा के आश्रम में बुधवार रात पुलिस दाखिल हुई थी. मगर इस बारे में कोई भी पुलिस अफसर कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है.

पुलिस क्षेत्राधिकारी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस और स्पेशल आपरेशन ग्रुप (एसपीजी) के लोग आश्रम परिसर में गये थे लेकिन उनकी ड्यूटी आश्रम के अंदर नहीं बल्कि ‘बाहर’ थी. उन्होंने कहा, ”50-60 सेवादार आश्रम के अंदर मौजूद हैं. इनमें महिला और पुरुष दोनों हैं.” इस सवाल पर कि क्या बाबा अपने आश्रम में मौजूद हैं, सिंह ने कहा, ”वह ना कल थे, ना आज हैं.” मैनपुरी में तैनात अपर पुलिस अधीक्षक राहुल मिठास ने भी संवाददाताओं से कहा कि उन्हें बाबा अपने आश्रम में नहीं दिखायी दिये. इस सवाल पर कि वह आश्रम क्यों गये थे, उन्होंने कहा, ”मैं यहां तफ्तीश करने नहीं बल्कि सुरक्षा की जांच करने आया हूं.” हाथरस में भगदड़ कांड के बाद से बिछवां स्थित विश्व हरि बाबा भोलेनाथ के आश्रम में सुरक्षा कड़ी कर दी गयी है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu