
तिरुवनंतपुरम. मलयालम फिल्म अभिनेता सिद्दीकी अपने खिलाफ दर्ज बलात्कार के मामले में पूछताछ के लिए सोमवार को विशेष जांच दल (एसआईटी) के समक्ष पेश हुए. एक अधिकारी ने इसकी जानकारी दी. भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के अधिकारी के नेतृत्व में एसआईटी ने यहां छावनी पुलिस थाने में सिद्दीकी से करीब चार घंटे तक पूछताछ की.
अधिकारी ने बताया कि सिद्दीकी सुबह 9.45 बजे जांच दल के समक्ष पेश हुए और दोपहर 1.45 बजे छावनी पुलिस थाने से चले गए.
एक महिला ने अभिनेता के खिलाफ शिकायत में आरोप लगाया है कि फिल्मों में भूमिका देने के बहाने सिद्दीकी ने तिरुवनंतपुरम के एक होटल में उनका यौन उत्पीड़न किया था. केरल उच्च न्यायालय में सिद्दीकी की अग्रिम जमानत याचिका खारिज होने के बाद पिछले सप्ताह उच्चतम न्यायालय ने अभिनेता को गिरफ्तारी से अंतरिम संरक्षण प्रदान किया था. उच्च न्यायालय ने उनकी जमानत याचिका खारिज करते हुए आरोपों की गंभीरता और हिरासत में पूछताछ की आवश्यकता का हवाला दिया था.
सिद्दीकी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 376 (बलात्कार) एवं 506 (आपराधिक मंशा) के तहत मामला दर्ज किया गया है .
उन्होंने दावा किया कि शिकायतकर्ता 2019 से ही उन्हें झूठे आरोप में फंसा कर परेशान कर रही है . यह मामला अभिनेत्रियों के खिलाफ यौन अपराधों पर न्यायमूर्ति के हेमा समिति की रिपोर्ट के बाद प्रमुख मलयालम फिल्म हस्तियों के खिलाफ यौन उत्पीड़न के आरोपों की व्यापक जांच का हिस्सा है. इन आरोपों के संबंध में कई प्राथमिकी दर्ज की गई हैं.



