प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने राहुल गांधी के खिलाफ भाजपा नेताओं के बयानों की निंदा की

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 18 Sep 2024 08:29 PM
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने राहुल गांधी के खिलाफ भाजपा नेताओं के बयानों की निंदा की
ऑडियो सुनें

रायपुर. कांग्रेस की मध्यप्रदेश इकाई के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने राहुल गांधी के खिलाफ भाजपा नेताओं के बयानों की निंदा करते हुए बुधवार को कहा कि पूरा देश देख रहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी किस तरह लोकतांत्रिक मूल्यों की हत्या कर रहे हैं. पटवारी ने रायपुर हवाई अड्डे पर संवाददाताओं से कहा कि कांग्रेस गांधीवादी (महात्मा गांधी के विचारों) विचारधारा है और वह तानाशाही के खिलाफ लड़ाई जारी रखेगी.

पटवारी ने कहा, ”कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ जिस तरह से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता बयान दे रहे हैं, उससे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की करोड़ों रुपये खर्च करके सोशल मीडिया के जरिए उनकी (राहुल गांधी) छवि खराब करने की साजिश का पर्दाफाश हो गया है.” उन्होंने कहा, ”मोदी का एक (भाजपा) विधायक कहता है ‘दादी जैसा हाल कर देंगे’, दूसरा उन्हें सबसे बड़ा आतंकवादी कहता है. पटवारी ने कहा कि पूरा देश देख रहा है और समझ रहा है कि मोदी किस तरह लोकतांत्रिक मूल्यों की हत्या कर रहे हैं.

उन्होंने कहा, “मुझे विश्वास है कि कांग्रेस पार्टी, उसके कार्यकर्ता, समान विचारधारा वाले लोग ऐसी ताकतों और विनाशकारी मानसिकता के खिलाफ लड़ाई जारी रखेंगे. मैं मोदी जी, भाजपा और उनकी विचारधारा की निंदा करता हूं.” कांग्रेस नेता ने सवाल किया कि कांग्रेस नेताओं द्वारा शिकायत दर्ज कराए जाने के बावजूद इन नेताओं के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही है. उन्होंने छत्तीसगढ़ में सत्ताधारी भाजपा की भी आलोचना की और कहा कि वह राज्य में पिछले साल के विधानसभा चुनावों से पहले किए गए अपने वादों को पूरा करने में विफल रही है.

पटवारी बाद में रायपुर केंद्रीय कारागार गए, जहां उन्होंने कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव से मुलाकात की. यादव को राज्य के बलौदाबाजार शहर में 10 जून को हुई हिंसा के सिलसिले में पिछले महीने गिरफ्तार किया गया था. भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कांग्रेस नेता ने कहा कि छत्तीसगढ़ में बदले की राजनीति और तानाशाही की कहानी शुरू हो गई है और यादव की गिरफ्तारी इसका सबूत है. बलौदाबाजार में आगजनी में शामिल लोग खुलेआम घूम रहे हैं और अपनी विफलता को छिपाने के लिए राज्य सरकार ने यादव पर आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि अदालत का फैसला अंतत? साबित करेगा कि सरकार खुद इस घटना (आगजनी) के लिए दोषी थी.
यादव से मिलने के दौरान पटवारी के साथ छत्तीसगढ़ के प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज भी मौजूद थे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu