सनी देओल का प्रशंसक पर गुस्सा करने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 17 Aug 2023 08:00 PM
सनी देओल का प्रशंसक पर गुस्सा करने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
ऑडियो सुनें

मुंबई. अभिनेता-नेता सनी देओल फिल्म ‘गदर-2’ के बाद अब एक और वजह से सुर्खियों में हैं. उनका एक वीडियो सामने आया है जिसमें उन्हें कथित तौर पर अपने साथ तस्वीर खिंचाने की कोशिश कर रहे एक प्रशंसक पर गुस्सा करते हुए देखा जा सकता है.
सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर प्रसारित वीडियो में देओल हवाई अड्डे से बाहर निकल रहे हैं तभी एक प्रशंसक उनके करीब आता है और अभिनेता के साथ सेल्फी लेने की कोशिश करता है.

जब प्रशंसक को तस्वीर खींचने में वक्त लगता है तो नाराज दिख रहे अभिनेता पंजाबी में कहते हैं, ”ले ना फोटो”. इससे दो दिन पहले देओल की एक और वीडियो आयी थी जिसमें वह उनके साथ तस्वीर लेने की कोशिश करते हुए महिला प्रशंसकों द्वारा उन्हें छूने की कोशिश करने पर नाराज होते दिख रहे थे. कई उपयोगकर्ताओं ने उनके इस रवैये की सोशल मीडिया मंच पर आलोचना की है तथा कुछ ने इसे हाल में रिलीज हुई ”गदर-2” फिल्म की सफलता का नतीजा बताया है.

एक उपयोगकर्ता ने लिखा, ”सनी देओल का लहजा देखो. ‘ले ना फोटो’. लोगों को बॉलीवुड कलाकारों के पीछे भागना बंद करना चाहिए. उन्हें अकेले रहने दो. वे इस लायक नहीं हैं कि उन पर समय या ऊर्जा लगायी जाए.” एक अन्य व्यक्ति ने ट्वीट किया, ”सनी देओल भाई, तेरे में किस बात का घमंड है? सालों बाद एक फिल्म चली है, थोड़ा हम्बल (विनम्र) हो जा.” हालांकि, कुछ लोगों ने सनी देओल का समर्थन भी किया.

एक उपयोगकर्ता ने लिखा, ”कुछ लोग सेल्फी के लिए प्रशंसकों पर गुस्सा होते हुए तथा कुछ ‘मुझे छूओ मत’ कहते हुए उनका वीडियो साझा कर रहे हैं. दोनों बार सनी देओल सही हैं और अपने निजता के अधिकार को बनाए हुए हैं. चूंकि वह विनम्र हैं तो आप सेल्फी लेने, गले लगाने तथा किसी भी चीज के लिए उनका पीछा नहीं कर सकते.” देओल की ‘गदर-2’ फिल्म 11 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज हुई और यह ब्लॉकबास्टर फिल्म बन गयी है. इसने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर अब तक 261.35 करोड़ रुपये की कमायी की है. अनिल शर्मा के निर्देशन वाली यह फिल्म देओल की 2001 में आयी सुपरहिट फिल्म ”गदर : एक प्रेम कथा” का सीक्वल है जिसमें अभिनेता ने तारा सिंह की यादगार भूमिका निभायी थी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu