सनराइजर्स हैदराबाद ने रोमांचक मैच में पंजाब किंग्स को दो रन हराया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 10 Apr 2024 07:03 PM
सनराइजर्स हैदराबाद ने रोमांचक मैच में पंजाब किंग्स को दो रन हराया
ऑडियो सुनें

मुल्लांपुर. पंजाब किंग्स की टीम मंगलवार को यहां इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) मैच में दो अनकैप्ड खिलाड़ी शशांक सिंह (नाबाद 46 रन) और आशुतोष शर्मा (नाबाद 33 रन) की शानदार बल्लेबाजी के बावजूद सनराइजर्स हैदराबाद से दो रन से हार गयी जिसके लिए युवा नीतिश कुमार रेड्डी ने 64 रन की अर्धशतकीय पारी खेली.

सनराइजर्स हैदराबाद ने नीतिश रेड्डी (37 गेंद, चार चौके, पांच छक्के) की मदद से नौ विकेट पर 182 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया. पंजाब किंग्स की शुरूआत अच्छी नहीं रही लेकिन शशांक सिंह (25 गेंद, छह चौके, एक छक्का) और आशुतोष शर्मा (15 गेंद, तीन चौके, दो छक्के) के जज्बे की दाद देनी होगी जो अंत में अपनी लप्पेबाजी से टीम को लक्ष्य के करीब ले गये लेकिन जीत नहीं दिला सके.
इन दोनों ने सातवें विकेट के लिए 27 गेंद में नाबाद 66 रन की साझेदारी निभायी, पर टीम 20 ओवर में छह विकेट पर 180 रन ही बना सकी.

अंतिम ओवर में जयदेव उनादकट पर शशांक और आशुतोष ने मिलकर तीन छक्कों से 26 रन जुटाये. सनराइजर्स हैदराबाद ने मैच के दौरान तीन कैच छोड़े, पर करीबी मैच में जीत से उसके अब छह अंक हो गये हैं. टीम के लिए भुवनेश्वर कुमार ने 32 रन देकर दो विकेट झटके जबकि कप्तान पैट कमिंस, टी नटराजन, नीतिश कुमार रेड्डी और जयदेव उनादकट ने एक एक विकेट लिया.

पंजाब किंग्स की शुरूआत काफी खराब रही. टीम ने दूसरे ही ओवर में दो रन पर अपना पहला विकेट जॉनी बेयरस्टो के रूप में गंवा दिया जो खाता भी नहीं खेल सके और कमिंस की गेंद पर बोल्ड हो गये. भुवनेश्वर ने भी शानदार गेंदबाजी करते हुए तीसरे ओवर में प्रभसिमरन सिंह (04) और फिर पांचवें ओवर में पंजाब किंग्स के कप्तान शिखर धवन (14) को आउट कर दो झटके दे दिये. पावरप्ले में पंजाब किंग्स तीन विकेट गंवाकर 27 रन ही बना सकी.

सिंकदर रजा (28 रन) ने पहले सैम करन (29 रन) के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 38 रन और फिर पांचवें विकेट के लिए शशांक सिंह के साथ 33 रन की भागीदारी की. करन 10वें ओवर में टी नटराजन की गेंद का शिकार हुए और फिर 14वें ओवर की पहली गेंद पर रजा को विकेटकीपर क्लासेन ने कैच आउट किया. आधी टीम 91 रन पर पवेलियन लौट चुकी थी जिससे पंजाब किंग्स की राह बहुत मुश्किल लग रही थी. 15 ओवर के बाद टीम का स्कोर पांच विकेट पर 105 रन था. उसे 30 गेंद में 78 रन की जरूरत थी.

शशांक और आशुतोष ने शानदार जज्बा दिखाया लेकिन टीम को जीत तक नहीं पहुंचा सके. इससे पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने के बाद नीतिश के अलावा अब्दुल समद ने 12 गेंद में 25 रन और ट्रेविस हेड ने 15 गेंद में 21 रन का योगदान दिया. जयदेव उनादकट ने पारी की अंतिम गेंद का सामना करते हुए छक्का जड़ा. पंजाब किंग्स के लिए बायें हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह सबसे सफल गेंदबाज रहे जिन्होंने 29 रन देकर चार विकेट अपनी झोली में डाले. हर्षल पटेल और सैम करन ने दो दो विकेट झटके जबकि कागिसो रबाडा को एक विकेट मिला. फिर भी सनराइजर्स हैदराबाद की टीम प्रतिस्पर्धी स्कोर बनाने में कामयाब रही.

मैच की शुरूआत अजीब रही क्योंकि हेड पहली ही गेंद पर आउट हो जाते लेकिन रबाडा सुनिश्चित नहीं थे कि गेंद उनके बल्ले से लगी थी या नहीं. विकेटकीपर जितेश शर्मा ने हालांकि रिव्यू के लिए कहा लेकिन रबाडा की वजह से पंजाब किंग्स ने रिव्यू नहीं लिया.
हालांकि रिप्ले में साफ दिख रहा था कि गेंद ने बल्ले को छूकर गयी थी. हेड ने फिर तीसरे ओवर में रबाडा पर लगातार तीन चौके जड़ दिये जिससे इस ओवर में 16 रन जुड़े.

इस जीवनदान का हेड हालांकि फायदा नहीं उठा सके और अर्शदीप की गेंद पर पंजाब किंग्स के कप्तान शिखर धवन ने पीठे की ओर दौड़ते हुए शानदार कैच लपककर उनकी पारी समाप्त की. पंजाब किंग्स के लिए यह बड़ा विकेट था और दो गेंद बाद ऐडन मार्कराम खाता खोले बिना पवेलियन पहुंच गये जिनका कैच विकेटकीपर ने लपका. अर्शदीप ने इस ओवर में दो विकेट झटक लिये. अभिषेक वर्मा ने सैम करन पर छक्का और चौका लगाया लेकिन वह इंग्लैंड के इस आल राउंडर की अगली गेंद पर एक और बड़ा शॉट लगाने के प्रयास में शशांक सिंह को कैच देकर आउट हो गये जिससे सनराइजर्स हैदराबाद का स्कोर पांचवें ओवर में तीन विकेट पर 39 रन हो गया.

पंजाब किंग्स के गेंदबाजों के दबदबे से पावरप्ले में टीम तीन विकेट गंवाकर 40 रन ही बना सकी. इससे सनराइजर्स हैदराबाद ने अपनी योजना में बदलाव करते हुए राहुल त्रिपाठी को ‘इम्पैक्ट’ खिलाड़ी के तौर पर उतारा जो हेड की जगह आये. त्रिपाठी (14 गेंद में 11 रन) और हेनरिक क्लासेन (नौ गेंद में नौ रन) हालांकि कोई कमाल नहीं दिखा सके. अब टीम को अच्छे स्कोर तक पहुंचाने की जिम्मेदारी नीतिश कुमार रेड्डी पर थी. इस युवा खिलाड़ी ने भी उम्मीदों पर खरा उतरते हुए हरप्रीत बरार के ओवर में 22 रन जड़ दिये और समद के साथ तेजी से 20 गेंद में 50 रन की साझेदारी निभायी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu