सूरजपुर : जंगली हाथियों के हमले में ग्रामीण महिला की मौत

Author: www.navabharat.news
UPDATED: Wed, 01 Jun 2022 10:37 AM
सूरजपुर : जंगली हाथियों के हमले में ग्रामीण महिला की मौत
ऑडियो सुनें

कोरबा. छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में जंगली हाथियों के हमले में एक ग्रामीण महिला की मौत हो गई. वन विभाग के अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि सूरजपुर जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र के करंजवार सरहरी गांव के जंगल में जंगली हाथी के हमले में इंदरमनिया (52) की मौत हो गई.

अधिकारियों के मुताबिक, जानकारी मिली है कि सिंघारा गांव निवासी इंदरमनिया अपने मायके सरहरी गांव आई थी और सोमवार शाम वह अन्य दो महिलाओं के साथ जंगल में लकड़ी लेने गई थी, तभी हाथियों ने उन पर हमला कर दिया. उन्होंने बताया कि हाथियों को देख तीनों महिलाएं वहां से भागने लगीं, लेकिन इंदरमनिया को एक हाथी ने अपनी सूंड से पकड़ लिया और कुचलकर मार डाला.

अधिकारियों के अनुसार, घटना की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग के एक दल को घटनास्थल पर रवाना किया गया और मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया. उन्होंने बताया कि मृत महिला के परिजनों को तात्कालिक सहायता राशि के रूप में 25 हजार रुपये प्रदान किए गए हैं और बाकी 5.75 लाख रुपये सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद दिए जाएंगे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By www.navabharat.news