सुशील मोदी का अंतिम संस्कार मंगलवार शाम को पटना में होगा, भाजपा अध्यक्ष के मौजूद रहने की संभावना

पटना. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी का अंतिम संस्कार मंगलवार शाम छह बजे के बाद पटना में होगा. पार्टी सूत्रों ने यह जानकारी दी. कैंसर से पीड़ित सुशील मोदी का सोमवार शाम नई दिल्ली के एक अस्पताल में निधन हो गया था. वह 72 साल के थे.

पूर्व उपमुख्यमंत्री का पार्थिव शरीर नई दिल्ली से पटना लाया गया. उनका पार्थिव शरीर लेकर विशेष विमान दोपहर में पटना हवाई अड्डा पर उतरा. पार्थिव शरीर को लेने के लिए भाजपा के कई वरिष्ठ नेता हवाई अड्डे पर मौजूद थे. भारी भीड़ के साथ पार्थिव शरीर को राज्य की राजधानी के राजेंद्र नगर इलाके में उनके आवास पर ले जाया गया. स्थानीय भाजपा सूत्रों के अनुसार उनके घर पर सार्वजनिक श्रद्धांजलि के बाद पार्थिव शरीर को बिहार विधानसभा और फिर प्रदेश भाजपा कार्यालय ले जाया जाएगा. वहां से पार्थिव शरीर को दीघा घाट श्मशान ले जाया जाएगा.

भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि अंतिम संस्कार शाम छह बजे के बाद होगा और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के भी वहां मौजूद रहने की संभावना है. मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी एक बयान के अनुसार दिवंगत पूर्व उपमुख्यमंत्री का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा.

सुशील मोदी ने 2005 से 2013 तक और फिर 2017 से 2020 के बीच बिहार के उपमुख्यमंत्री के रूप में कार्य किया. उन्होंने नई दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्वज्ञिान संस्थान में सोमवार रात करीब 9.45 बजे अंतिम सांस ली. उन्होंने पिछले महीने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर अपने एक पोस्ट में लिखा, ”पिछले छह माह से कैंसर से संघर्ष कर रहा हूं. अब लगा कि लोगों को बताने का समय आ गया है. लोकसभा चुनाव में कुछ कर नहीं पाऊंगा. प्रधानमंत्री को सब कुछ बता दिया है.”

Related Articles

Back to top button