संदिग्ध माओवादियों ने ग्रामीण को मारी गोली, मौत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 19 Sep 2022 07:09 PM
संदिग्ध माओवादियों ने ग्रामीण को मारी गोली, मौत
ऑडियो सुनें

कांकेर. छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित कांकेर जिले में सोमवार को एक लौह अयस्क खदान के गेट पर तीन अज्ञात लोगों ने एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी. पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी है. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पुलिस को आशंका है कि माओवादियों ने घटना को अंजाम दिया है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.

कांकेर जिले के पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा ने बताया कि जिले के दुर्गकोंदल इलाके में एक निजी कंपनी के लौह अयस्क खदान के गेट पर सोमवार सुबह करीब 10 बजे अज्ञात लोगों ने नोहर सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी. सिन्हा ने बताया कि नोहर सिंह इलाके के खुटगांव का निवासी था. वह गांव का पूर्व सरपंच था और खदान से लौह अयस्क के परिवहन से जुड़ा काम करता था.

पुलिस अधीक्षक ने बताया, ‘‘पुलिस को जानकारी मिली है, आज सुबह तीन लोग ग्रामीणों के वेश में खदान के मुख्य दरवाजे पर पहुंचे और वहां तैनात सुरक्षार्किमयों से कहा कि वे भीतर जाना चाहते हैं.‘‘ सिन्हा ने बताया कि जब सुरक्षाकर्मी उनकी पहचान करने की कोशिश कर रहे थे, तब उन्होंने वहां खड़े सिंह पर देशी पिस्तौल से गोलियां चला दीं और फरार हो गए. इस घटना में सिंह गंभीर रूप से घायल हो गये.

उन्होंने बताया कि घटना के बाद घायल को एक स्थानीय अस्पताल ले जाया गया जहां से उसे कांकेर भेजा गया. लेकिन रास्ते में ही सिंह की मौत हो गई. सिन्हा ने बताया, ‘‘ मौके पर कोई माओवादी पर्चा नहीं मिला है, लेकिन आशंका है कि माओवादियों ने इस घटना को अंजाम दिया है.’’ पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है तथा जांच के बाद ही इस संबंध में अधिक जानकारी मिल सकेगी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu