सिडनी. ऑस्ट्रेलिया की पुलिस ने कहा कि सिडनी स्थित एक चर्च में उपस्थित तीन श्रद्धालुओं और बिशप को चाकू मारकर घायल करने की घटना के बाद एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने कहा कि बिशप समेत सभी चार घायलों की हालत खतरे से बाहर है और इन्हें कोई जानलेवा चोट नहीं पहुंची है.
पुलिस ने कहा कि यह घटना सोमवार शाम को तब घटी जब ‘चर्च सेवा’ का प्रसारण किया जा रहा था. ऑर्थोडॉक्स असीरियन चर्च सेवा का ऑनलाइन प्रसारण करता है. सोशल मीडिया पर एक वीडियो में दिखाया गया है कि काला कपड़ा पहनकर एक व्यक्ति उपनगरीय वेकली में ‘क्राइस्ट द गुड शेफर्ड’ के बिशप के पास पहुंचता है और उनके सिर और शरीर के ऊपरी हिस्से पर काई बार चाकू से वार करता है.
वीडियो में एकत्र श्रद्धालु (मंडली के सदस्य) चीखते हुए बिशप की सहायता के लिए दौड़ते नजर आ रहे हैं. चर्च की वेबसाइट ने बिशप की पहचान मार मारी इमैनुएल के रूप में की है. एनएसडब्ल्यू एम्बुलेंस सेवा ने कहा कि उसने कई चोट से घायल 50 साल से अधिक उम्र के एक व्यक्ति का प्राथमिक इलाज किया और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया. एनएसडब्ल्यू एम्बुलेंस सेवा ने बताया कि तीन अन्य घायलों को एक या इससे अधिक चोटें लगी थीं लेकिन उनका इलाज घटनास्थल पर ही कर दिया गया.
पुलिस ने कहा, ”पुलिस बड़े स्तर पर कार्रवाई कर रही है और जनता से इस क्षेत्र से दूर रहने का आग्रह किया गया है.” बिशप पिछले साल सुर्खियों में थे. ‘एलजीबीटीक्यू प्लस’ समुदाय को लक्षित करने वाले एक अभियान के बारे में ऑस्ट्रेलियाई ब्रॉडकास्टिंग कॉर्पोरेशन द्वारा मई 2023 में एक वीडियो पोस्ट किया गया था. इस वीडियो में बिशप को एक उपदेश में यह कहते हुए दिखाया गया है कि ”जब कोई पुरुष खुद को महिला कहता है, तो वह न तो पुरुष है और न ही महिला, आप इंसान नहीं हैं, तो फिर आप कुछ और हैं. चूंकि आप अब कुछ और हैं, मैं आपको एक इंसान के रूप में संबोधित नहीं करूंगा क्योंकि यह मेरी पसंद नहीं है, यह आपकी पसंद है.”