तेजस्वी ने बिहार में एक और पुल ढहने का किया दावा, अधिकारी का अलग बयान

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 07 Jul 2024 08:24 PM
तेजस्वी ने बिहार में एक और पुल ढहने का किया दावा, अधिकारी का अलग बयान
ऑडियो सुनें

मोतिहारी. राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव ने रविवार को दावा किया कि बिहार में एक और “पुल” ढह गया है, हालांकि संबंधित अधिकारी ने कहा कि यह एक अस्थायी संरचना थी जो भारी बारिश में बह गई. बिहार विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता यादव ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक वीडियो साझा करते हुए लिखा, “बिहार के पूर्वी चंपारण में आज फिर एक पुल और गिरा. सरकार थोड़े गिरी है जो खबर बनेगी? बीते 19 दिनों में यह 13वां भ्रष्टाचारी पुल गिरा है. पुलिया, सड़क और बांध टूटने एवं धंसने के तो मामले अनगिनत हैं.” वीडियो क्लिप में स्थानीय लोगों को मधुबन प्रखंड के अंतर्गत आने वाले एक गांव में हुई इस घटना के लिए “दो नंबर का माल” (नकली सामग्री) के इस्तेमाल को दोषी ठहराते हुए सुना जा सकता है.

पूर्वी चंपारण के जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल ने कहा कि उन्हें घटना की जानकारी है और उन्होंने जोर देकर कहा कि “यह पुल नहीं था, न ही कोई पुलिया थी”. जिलाधिकारी ने फोन पर ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, “लोहरगवां गांव से सीवेज लाइन गुजरती है. इसका कुछ हिस्सा खुला हुआ था. हमारे पास मौजूद जानकारी के अनुसार, कुछ साल पहले पंचायत स्तर पर यह निर्णय लिया गया था कि नाले के ऊपर एक संरचना बनाई जाए, ताकि लोग बिना किसी परेशानी के इसे पार कर सकें. नाले को अस्थायी संरचना से ढक दिया गया, जो कुछ फुट से अधिक लंबी नहीं थी. इस तरह के अनियमित कार्यों के मामले में, बहुत अधिक मिट्टी का इस्तेमाल किया गया और इसलिए भारी बारिश के कारण यह बह गई. फिर भी, हम मामले की जांच कर रहे हैं और अपने स्तर पर जो भी आवश्यक होगा, करेंगे.”

उल्लेखनीय है कि पिछले कुछ हफ्तों में बिहार के कई जिलों में एक दर्जन से अधिक पुलों के ढहने के कारण अधिकारियों ने कम से कम 15 इंजीनियरों को निलंबित कर दिया है. बिहार में ढहे पुलों में 23 जून को पूर्वी चंपारण जिले के घोड़ासाहन प्रखंड क्षेत्र में और 26 जून को मधुबनी जिले में निर्माणाधीन एक-एक पुल तथा 18 जून को अररिया जिले के परारिया गांव में बकरा नदी पर नवनिर्मित एक पुल भी शामिल है.

हालांकि, ऐसी दुर्घटनाओं में कोई हताहत नहीं हुआ है पर इन घटनाओं ने राजनीतिक वाद-विवाद को भी जन्म दिया है, जिसमें यादव ने नीतीश कुमार सरकार पर निशाना साधा है, लेकिन सत्तारूढ. राजग ने इसका दोष राजद पर मढ.ते हुए कहा है कि बिहार में राजग की सरकार बनने से पहले ग्रामीण कार्य विभाग उक्त पार्टी के पास था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu