हिन्दू नाबालिग लड़की को भगाकर दुष्कर्म करने एवं प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन कराने का आरोपी गिरफ्तार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 08 Sep 2025 11:06 PM
हिन्दू नाबालिग लड़की को भगाकर दुष्कर्म करने एवं प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन कराने का आरोपी गिरफ्तार
ऑडियो सुनें

कुशीनगर/नोएडा/आजमगढ़. कुशीनगर जिले में पुलिस ने एक हिन्दू किशोरी को कथित रूप से भगाकर उसके साथ दुष्कर्म करने एवं प्रलोभन देकर उसका धर्म परिवर्तन कराने के आरोपी को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी. पुलिस के अनुसार रविवार को नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र की निवासी पीडिता के भाई ने सूचना दी कि उसकी 16 वर्षीय नाबालिग बहन को जिले के जटहा बाज.ार थाना क्षेत्र के खेसिया मंशा छापर गांव निवासी नसरे आलम ने प्रेम जाल में फंसाया और घर से भगाकर प्रलोभन देते हुए धोखे से उसका धर्मर्पिरवर्तन करा दिया है.

नेबुआ नौरंगिया के थानाध्यक्ष दीपक सिंह ने बताया कि मामले में अभियोग पंजीकृत किया गया तथा तहकीकात पुलिस टीम का गठन किया गया. उन्होंने बताया कि सोमवार को थाना नेबुआ नौरंगिया पुलिस ने आरोपी नसरे आलम को गिरफ्तार कर लिया. सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पाक्सो अधिनियम, उप्र विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज करते हुए विधिक प्रक्रिया पूरी कर उसे जेल भेज दिया गया. थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है.

नोएडा: महिला का धर्म परिवर्तन कराने के आरोप में पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

नोएडा में एक महिला का, प्रलोभन और धमकी देकर धर्म परिवर्तन कराने के आरोप में पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी. पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई महिला के पति शिवम शर्मा द्वारा उच्च न्यायालय में दायर एक रिट याचिका के बाद की गई जिसमें उसने अपनी गुमशुदा पत्नी की तलाश किए जाने का अनुरोध किया था. इसके बाद मामले की जांच गढ़ी चौखंडी चौकी के प्रभारी योगेंद्र सिंह द्वारा की जा रही थी. पुलिस ने बताया कि गावं गढ़ी चौखंडी निवासी शर्मा की पत्नी मई में लापता हो गई थी, जिसे बाद में पुलिस ने चेन्नई (तमिलनाडु) से बरामद कर लिया.

थाना फेज-तीन के प्रभारी निरीक्षक ध्रुव भूषण दुबे ने बताया, ”महिला ने खुलासा किया कि बहरामपुर गांव में किराए पर रहने वाला बिहार के सिवान का मूल निवासी राजा उर्फ एहसान उसे प्रेमजाल में फंसाकर भगा ले गया था. महिला ने धर्म परिवर्तन कर एक मई 2025 को राजा से निकाह कर लिया.” उन्होंने कहा, ”राजा, उसके पिता बिस्मिल्लाह मियां, मां अनीशा बेगम और भाई इरशाद ने प्रलोभन और धमकी देकर महिला का धर्म परिवर्तन कराया और निकाह करवाया. निकाहनामा की छायाप्रति देखने पर यह पाया गया कि महिला के पिता का नाम फर्जी लिखा गया, साथ ही राजा ने अपनी मां को महिला की फूफी और अपने भाई को महिला का भाई बताया था.”

थाना प्रभारी ने बताया कि जांच अधिकारी (उप निरीक्षक) की शिकायत पर राजा, इरशाद, बिस्मिल्लाह, अनीशा बेगम तथा काजी मोहम्मद अजीमुद्दीन के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम 2021 की प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है.

आजमगढ़ में धर्मांतरण के लिए प्रेरित करने वाला वीडियो सामने आने पर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज

सोशल मीडिया पर धर्मांतरण के लिए प्रेरित करने वाले एक युवक का कथित वीडियो तेजी से प्रसारित होने के बाद आजमगढ़ जिले के कप्तानगंज थाने की पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. एक पुलिस अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी. पुलिस के अनुसार वायरल वीडियो में आरोपी युवक सईद को मुस्लिम धर्म अपनाने की बात करते हुए अन्य धर्म, देवी-देवताओं और ब्राह्मण समाज पर अभद्र टिप्पणी करते सुना जा सकता है.

मामला संज्ञान में आने के बाद पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) चिराग जैन ने कप्तानगंज के थाना प्रभारी को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए. उन्होंने बताया कि सईद कप्तानगंज थाना क्षेत्र के सीतापुर गांव का रहने वाला है तथा पुलिस ने उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. चिराग जैन ने बताया कि वायरल वीडियो में सईद एक व्यक्ति को मुस्लिम समुदाय के बारे में जानकारी दे रहा है तथा साथ ही अन्य धर्म के बारे में टीका टिप्पणी करते नजर आ रहा है. पुलिस अधीक्षक के मुताबिक सईद की ओर से देवी देवताओं के साथ ही ब्राह्मण समाज पर भी अभद्र टिप्पणियां की जा रही है. उन्होंने कहा कि मामले में अग्रिम कार्रवाई की जा रही है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu