देश में कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या 15,873 हुई

Author: www.navabharat.news
UPDATED: Sun, 24 Apr 2022 01:36 PM
देश में कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या 15,873 हुई
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारत में एक दिन में कोविड-19 के 2,593 नए मामले सामने आने से संक्रमण के कुल मामलों की संख्या 4,30,57,545 पर पहुंच गयी जबकि उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर 15,873 हो गयी. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के रविवार सुबह आठ बजे तक के अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, 44 और मरीजों के जान गंवाने से मृतकों की संख्या 5,22,193 पर पहुंच गयी. उपचाराधीन मरीजों की संख्या संक्रमण के कुल मामलों का 0.04 प्रतिशत है जबकि कोविड-19 से स्वस्थ होने की राष्ट्रीय दर 98.75 प्रतिशत है.

आंकड़ों के अनुसार, 24 घंटों में कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या में 794 की वृद्धि दर्ज की गयी है. संक्रमण की दैनिक दर 0.59 प्रतिशत दर्ज की गयी और साप्ताहिक संक्रमण दर 0.54 प्रतिशत दर्ज की गयी. इस बीमारी से उबरने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 4,25,19,479 हो गयी है जबकि मृत्यु दर 1.21 प्रतिशत है. देशव्यापी कोविड-19 रोधी टीकाकरण अभियान के तहत अभी तक 187.67 करोड़ से अधिक खुराकें दी जा चुकी हैं.

गौरतलब है कि देश में सात अगस्त 2020 को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त 2020 को 30 लाख और पांच सितंबर 2020 को 40 लाख से अधिक हो गई थी. संक्रमण के कुल मामले 16 सितंबर 2020 को 50 लाख, 28 सितंबर 2020 को 60 लाख, 11 अक्टूबर 2020 को 70 लाख, 29 अक्टूबर 2020 को 80 लाख और 20 नवंबर को 90 लाख के पार चले गए थे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By www.navabharat.news