उत्तर प्रदेश की जनता ने देश को एक बार फिर से नई राह दिखाई है, नई आस जगाई है : अखिलेश

लखनऊ. समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि उत्तर प्रदेश की जागरूक जनता ने देश को एक बार फिर से नई राह दिखाई है, नई आस जगाई है. उन्होंने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव का परिणाम संविधान, लोकतंत्र और आरक्षण बचाने की और सामाजिक न्याय की जीत है.

पार्टी द्वारा जारी एक बयान के मुताबिक यादव ने कहा, ”उत्तर प्रदेश की प्रगतिशील जनता के विचार ही वोट के रूप में हमें मिले हैं. यह बंटवारे की नकारात्मक राजनीति के खिलाफ सौहार्द, भाईचारे और सकारात्मक राजनीति की जीत है. यह ‘इंडिया’ गठबंधन और पीडीए एकता की जीत है.” यादव ने कहा कि यह उस दलित-बहुजन भरोसे की भी जीत है जिसने अपने पिछड़े, अल्पसंख्यक, आदिवासी, आधी आबादी और अगड़ों में भी पिछड़े, सभी उपेक्षित, शोषित, उत्पीड़ित समाज के साथ मिलकर उस संविधान को बचाने के लिए कंधे-से-कंधा मिलाकर संघर्ष किया है जो समता-समानता, सम्मान-स्वाभिमान, गरिमामय जीवन एवं आरक्षण का अधिकार देता है.

उन्होंने कहा कि यह नवयुवतियों-नवयुवकों के सुनहरे भविष्य की जीत है, यह किसान-मज़दूर-कारोबारियों-व्यापारियों की नयी उम्मीदों की जीत है. उन्होंने कहा,”यह निष्पक्ष, निष्कलंक मीडिया के निरंतर, अथक, निर्भय, ईमानदार प्रयासों की जीत है. यह संविधान को संजीवनी मानने वाले संविधान-रक्षकों की जीत है. ” यादव ने कहा कि मतदाताओं ने साबित कर दिया है कि जनता की शक्ति से बड़ा न किसी का बल होता है, न किसी का छल. उन्होंने कहा कि इस बार जनता ही जीती है, शासक नहीं.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button