पहली कक्षा के छात्र को विद्यालय के कमरे में बंद कर घर चले गये शिक्षक, जांच के आदेश

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 08 Jul 2022 06:13 PM
पहली कक्षा के छात्र को विद्यालय के कमरे में बंद कर घर चले गये शिक्षक, जांच के आदेश
ऑडियो सुनें

बलिया. बलिया जिले के बेरुआरबारी शिक्षा क्षेत्र के एक प्राथमिक विद्यालय में पहली कक्षा के एक छात्र को शिक्षक और विद्यालय कर्मी कमरे में ही बंद कर घर चले गये. सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने शुक्रवार को मामले की जांच के आदेश दिए हैं.

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मनीराम सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में आने के बाद उन्होंने मामले की जांच के आदेश दिए हैं.
सिंह के मुताबिक खंड शिक्षा अधिकारी हिमांशु मिश्र को मामले की तत्काल जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है. उन्होंने बताया कि जांच रिपोर्ट मिलने पर दोषी जनों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जायेगी.

गौरतलब है कि सोशल मीडिया पर शुक्रवार को एक वीडियो सामने आया जिसके अनुसार बेरूआरबारी शिक्षा क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय सुखपुरा नम्बर एक में पहली कक्षा के छात्र आदित्य को कक्षा में ही बंद कर विद्यालय कर्मी घर चले गए. घटना बृहस्पतिवार की बताई गई है. वीडियो में आदित्य के शोर मचाने व ताला तोड़कर उसे निकालने का दृश्य दिखाई दे रहा है.

आदित्य के परिजनों ने पत्रकारों को बताया कि बृहस्पतिवार को आदित्य जब घर नहीं पहुंचा तो उन्होंने उसकी खोजबीन शुरू की और विद्यालय पहुंचे. परिजनों ने बताया कि आदित्य के कक्षा में होने की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीणों की मदद से विद्यालय के कमरे में लगे ताले को तोड़ा और बच्चे को बाहर निकाला. बताया गया कि आदित्य कक्षा में ही सो गया था तथा विद्यालय कर्मी बच्चे को देखे बिना कक्षा में ताला जड़ कर घर चले गए थे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu