दिल्ली में कांग्रेस के साथ गठबंधन के लिए बातचीत में ‘बहुत देरी’ हुई : केजरीवाल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 21 Feb 2024 09:30 PM
दिल्ली में कांग्रेस के साथ गठबंधन के लिए बातचीत में ‘बहुत देरी’ हुई : केजरीवाल
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. आम आदमी पार्टी (आप) के प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को कहा कि लोकसभा चुनाव के लिए दिल्ली में सीटों के तालमेल को लेकर आप एवं कांग्रेस के बीच बातचीत में काफी देरी हुई. उनकी यह टिप्पणी दोनों पक्षों के सूत्रों के दावों के बीच आयी है कि गठबंधन की राह में बाधा पैदा हो गई है.

मुख्यमंत्री केजरीवाल ने मंगलवार को कहा था कि राष्ट्रीय राजधानी में सीटों के तालमेल के लिए बातचीत “अंतिम चरण” में है और जल्द ही दोनों दलों के बीच गठबंधन की घोषणा की जाएगी. दिल्ली में लोकसभा की सात सीटें हैं और सभी सीटें भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पास हैं. आप सूत्रों ने संकेत दिया कि अगर कांग्रेस के साथ गठबंधन नहीं हुआ तो पार्टी अगले कुछ दिनों में अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर सकती है.

दिल्ली में कांग्रेस के साथ गठबंधन की संभावना पर संवाददाताओं द्वारा पूछे गए सवाल पर केजरीवाल ने कहा, “इसमें काफी देर हो चुकी है, यह बहुत पहले हो जाना चाहिए था. देखते हैं कि अगले एक-दो दिन में क्या होता है.” दिल्ली कांग्रेस के अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली ने कहा कि उनकी पार्टी दिल्ली की सभी सात सीटों पर चुनाव के लिए तैयार है.

उन्होंने संवाददाताओं से कहा, “मुकुल वासनिक की अध्यक्षता वाली समिति ‘इंडिया’ गठबंधन के सदस्यों के साथ लगातार बात कर रही है. मेरा इस बारे में टिप्पणी करना उचित नहीं होगा.” सूत्रों ने कहा कि दोनों दलों के नेताओं के बीच कई दौर की बातचीत के बावजूद, सीटों की संख्या को लेकर सहमति नहीं बन पाई है.

कांग्रेस सूत्रों ने दावा किया कि पार्टी सात सीटों में से चार पर चुनाव लड़ना चाहती है और शेष सीटें आप के लिए छोड़ना चाहती है.
दिल्ली कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने कहा, “यह उचित है क्योंकि 2019 के चुनाव में, दिल्ली की सात सीटों में से छह पर कांग्रेस के उम्मीदवार दूसरे नंबर पर रहे थे, जबकि आप उम्मीदवार दक्षिण दिल्ली निर्वाचन क्षेत्र को छोड़कर तीसरे स्थान पर रहे थे.”

हालांकि आप नेता सीट बंटवारे पर चुप्पी साधे हुए हैं, लेकिन पार्टी सूत्रों ने कहा, “आम आदमी पार्टी चार सीट – उत्तर पूर्वी दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली, दक्षिणी दिल्ली और उत्तर पश्चिम दिल्ली – पर चुनाव लड़ना चाहती है.” आप ने पहले कहा था कि वह गुजरात, हरियाणा, दिल्ली और गोवा में गठबंधन के लिए ‘इंडिया’ समूह के सहयोगियों के साथ बातचीत कर रही है. पार्टी पहले ही पंजाब में अकेले चुनाव लड़ने की घोषणा कर चुकी है.

आप के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) संदीप पाठक ने हाल में कहा था कि उनकी पार्टी ने कांग्रेस से गुजरात में 26 लोकसभा सीटों में से आठ की मांग की है. आप ने अब तक गुजरात और असम में दो-दो और गोवा में एक सीट पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा की है. पाठक ने कहा था कि अगर दिल्ली में सीटों के तालमेल को लेकर जल्द फैसला नहीं हुआ तो उनकी पार्टी अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर देगी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu