अमेरिका में भारतीय परिवार के तीन सदस्य मृत मिले

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 20 Aug 2023 08:22 PM
अमेरिका में भारतीय परिवार के तीन सदस्य मृत मिले
ऑडियो सुनें

न्यूयॉर्क. अमेरिका के मैरीलैंड राज्य में एक भारतीय दंपति और उनका छह साल का बेटा मृत मिला है. संदेह है कि पुरुष ने पत्नी और बच्चे की हत्या करने के बाद आत्महत्या कर ली. पुलिस ने यह जानकारी दी. पुलिस ने शनिवार को बताया कि शुक्रवार की दोपहर पुलिस को मूल रूप से कर्नाटक निवासी तीन लोग बाल्टीमोर काउंटी स्थित मकान में मृत मिले जिनके शरीर पर गोलियों के निशान थे.

इसने कहा कि मृतकों की पहचान योगेश एच नागराजप्पा (37), प्रतिभा वाई अमरनाथ (37) और यश होन्नल (छह) के रूप में हुई है.
पुलिस का मानना है कि मृतकों में पति-पत्नी और उनका बेटा शामिल है. बाल्टीमोर सन अखबार ने बाल्टीमोर काउंटी पुलिस के प्रवक्ता एंथनी शेल्टन के हवाले से कहा, ”शुरुआती जांच से संकेत मिला है कि नागराजप्पा ने दोनों की हत्या करने के बाद आत्महत्या कर ली.” शेल्टन ने कहा, ”ऐसा लगता है कि तीनों की संभवत: गोली लगने से मौत हुई है.

पुलिस ने बताया कि परिवार के सदस्यों को मंगलवार शाम को आखिरी बार जीवित देखा गया था. इसने कहा कि मुख्य चिकित्सा अधिकारी के कार्यालय द्वारा पोस्टमॉर्टम कराए जाने के बाद मौत के कारणों का खुलासा होगा. बाल्टीमोर काउंटी के कार्यकारी अधिकारी जॉनी अलेस्जेवस्की ने एक बयान में कहा, ”इस भयानक कृत्य में निर्दोष पीड़ितों की जान जाने से बहुत ही आहत और दुखी हूं. हम इस दुखद घटना के बाद परिवार और समुदाय के सदस्यों की हरसंभव मदद करेंगे.” पुलिस ने कहा कि पीड़ितों को आसपास के लोगों से कोई खतरा नहीं था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu