नारायणपुर जिले में तीन नक्सली गिरफ्तार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 11 May 2022 09:53 PM
नारायणपुर जिले में तीन नक्सली गिरफ्तार
ऑडियो सुनें

नारायणपुर. छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित नारायणपुर जिले में सुरक्षा बलों ने तीन नक्सलियों को गिरफ्तार किया है। नक्सलियों के खिलाफ बम विस्फोट कर सुरक्षा बलों की बस उड़ाने की घटना में शामिल होने का आरोप है। इस घटना में पांच पुलिस जवान शहीद हुए थे। नारायणपुर जिले के पुलिस अधिकारियों ने बुधवार को यहां बताया कि जिले के छोटेडोंगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत हितुलवाड गांव के जंगल में सुरक्षा बलों ने तीन नक्सलियों मनीराम दर्रो उर्फ रंजीत, रामधर कोर्राम उर्फ रायंिसह और भगत कोर्राम उर्फ बल्कु कोर्राम को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आज नारायणपुर डीआरजी के दल को नक्सल विरोधी अभियान में बेचा, हितुलवाड़, कावानार और ब्रेहबेडा गांव की ओर रवाना किया गया था। दल जब हितुलवाड गांव के जंगल में था, तब नक्सली वहां से भागने लगे। बाद में पुलिस दल ने घेराबंदी कर तीन नक्सलियों को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि नक्सली मनीराम और रामधर के खिलाफ 23 मार्च, 2021 को कडेनार और कन्हारगांव के मध्य बारूदी सुरंग में विस्फोट कर बस उड़ाने की घटना में शामिल होने का आरोप है। इस घटना में पांच जवान शहीद हुए थे।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पूछताछ के दौरान नक्सलियों ने सुरक्षा बलों को जानकारी दी कि घटनास्थल पर कई बारूदी सुरंग लगाकर रखे गये थे, जिनमें से एक बारूदी सुरंग में विस्फोट कर बस को उड़ाया गया था। बाद में उन्होंने दूसरे दिन बारूदी सुरंग को वहां से हटाकर हितुलवाड गांव के जंगल में छुपा दिया था। उन्होंने बताया कि नक्सलियों से मिली जानकारी के बाद पुलिस दल ने हितुलवाड गांव के जंगल से पांच किलोग्राम वजनी एक कुकर बम, एक डेटोनेटर, बिजली का तार और अन्य सामान बरामद कर लिया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बम विस्फोट की घटना के बाद से दोनों आरोपी फरार थे, जिनकी पुलिस को लंबे समय से तलाश थी।
उन्होंने बताया कि एक अन्य नक्सली भगत कोर्राम के खिलाफ सड़क में तोड़फोड़ करने और निर्माणाधीन पुल को ध्वस्त करने का आरोप है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu