झारखंड में इमारत ढह जाने से तीन लोगों की मौत और आठ अन्य घायल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 07 Jul 2024 08:34 PM
झारखंड में इमारत ढह जाने से तीन लोगों की मौत और आठ अन्य घायल
ऑडियो सुनें

देवघर. झारखंड के देवघर जिले में रविवार सुबह दो मंजिला एक इमारत ढह जाने से कम से कम तीन लोगों की मौत हो गयी जबकि आठ अन्य जख्मी हो गए. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. अधिकारियों ने बताया कि सुबह छह बजे शुरू हुआ बचाव अभियान लगभग शाम चार बजे समाप्त हुआ. देवघर के उपायुक्त (डीसी) विशाल सागर ने बताया कि आज सुबह कस्बे में इमारत ढहने से 11 लोग मलबे में दब गए.

सागर ने बताया, ”स्थानीय लोगों ने चार बच्चों को मलबे से निकाल लिया. हमने तुरंत राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीम को मौके पर भेजा, जिसने मलबे में दबे सात लोगों को निकाला.” उन्होंने बताया कि सभी सात लोगों को देवघर सदर अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उनमें से तीन को मृत घोषित कर दिया. डीसी ने कहा कि घायलों और मृतकों के परिवारों को सरकार के नियमों के अनुसार मुआवजा दिया जाएगा.

देवघर के ‘सिविल सर्जन’ रंजन सिन्हा ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, “अस्पताल लाए गए सात लोगों में से दो को मृत घोषित कर दिया गया और एक महिला ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. एक बच्चे समेत चार अन्य का उपचार किया जा रहा है.” एनडीआरएफ में निरीक्षक रणधीर कुमार ने बताया कि 10 घंटे तक चला बचाव अभियान शाम चार बजकर 10 मिनट पर समाप्त हुआ.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu