दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव से पहले दिल्ली में कड़ी सुरक्षा

नयी दिल्ली: दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) चुनाव से पहले विश्वविद्यालय के परिसरों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की जा रही है तथा प्रचार, मतदान और मतगणना के दौरान पुलिस और अर्धसैनिक बलों के 2,000 से अधिक र्किमयों को तैनात किया जाएगा। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

डूसू चुनाव के प्रचार का बुधवार को आखिरी दिन है जबकि मतदान शुक्रवार को होगा और चुनाव परिणाम शनिवार को घोषित किए जाएंगे। अधिकारी ने कहा कि चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से कराने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विश्वविद्यालय के सभी महाविद्यालयों और अन्य महत्वपूर्ण जगहों पर सुरक्षा बढ़ाई जाएगी।

अधिकारी ने बताया कि महाविद्यालयों के आसपास अहम स्थानों पर पर्याप्त पुलिस कर्मी तैनात किये जायेंगे जबकि परिसर के आसपास पैदल गश्त, मोटरसाइकिल दल और पीसीआर वाहन भी मौजूद रहेंगे। उन्होंने कहा कि तैनाती का मकसद चुनाव प्रक्रिया के दौरान टकराव, बिना इजाजत भीड़ जमा होने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकना होगा।

अधिकारी के अनुसार पुलिस दल संवेदनशील और जोखिम वाले इलाकों पर भी कड़ी नज़र रखेंगे खासकर उन जगहों पर जहां प्रचार के आखिरी घंटों और मतदान के दिन विद्यार्थियों एवं समर्थकों की भारी आवाजाही होती है। अधिकारी ने कहा कि मतदान केंद्रों के पास लोगों की आवाजाही को नियंत्रित करने और भीड़ को रोकने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा इंतजाम किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि कई स्तरों वाली सुरक्षा व्यवस्था के तहत अहम जगहों पर अर्धसैनिक बलों के जवानों को भी तैनात किया जाएगा।
अधिकारी ने कहा कि पुलिस विश्वविद्यालय और महाविद्यालय प्रशासनों के साथ मिलकर मतदान और मतगणना के लिए प्रवेश एवं निकास द्वारों, विद्यार्थियों की आवाजाही और दूसरी जरूरी व्यवस्थाओं में भी तालमेल बिठा रही है। अधिकारी ने बताया कि शनिवार को वोटों की गिनती के दौरान भी पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे ताकि नतीजे शांतिपूर्ण ढंग से घोषित किए जा सकें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button