अफगानिस्तान में मूसलाधार बारिश, बाढ़ से दस लोगों की मौत

इस्लामाबाद: अफगानिस्तान के उत्तरी और पूर्वी प्रांतों में बेमौसम मूसलाधार बारिश और बाढ़ के कारण दो बच्चों सहित कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई है। संयुक्त राष्ट्र ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। संयुक्त राष्ट्र के मानवीय मामलों के समन्वय कार्यालय ने कहा कि बाढ़ के चलते हुए हादसों में 11 लोग घायल हो गए। इस प्राकृतिक आपदा के कारण सबसे अधिक क्षति पूर्वी नंगरहार, नूरिस्तान और गनी प्रांतों और देश के उत्तर में परवान में हुई है।

पांच और छह जुलाई को हुई भारी बारिश की वजह से 280 से अधिक मकानों के साथ-साथ नौ प्रांतों में चार पुलों और आठ किलोमीटर (लगभग पांच मील) सड़क सहित अन्य महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे को गंभीर नुकसान पहुंचा है।

बयान में कहा गया है कि यह दूसरी बार है जब पूर्वी क्षेत्र में एक महीने से भी कम समय में अचानक बाढ़ आई है। जून में दो दिन हुई भारी बारिश में 19 लोगों की मौत हो गई और 131 लोग घायल हो गए थे।

देश के लोक निर्माण मंत्रालय ने कहा कि भारी बारिश, बाढ़ और भूस्खलन के परिणामस्वरूप नूरिस्तान प्रांत में कुनार से नूरिस्तान के मध्य तक सड़क यातायात अवरुद्ध हो गया है। मंत्रालय सड़क को फिर से खोलने के लिए भारी मशीनरी का इस्तेमाल कर रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button