बच्चों पर चोरी का आरोप लगाकर अत्याचार, पूर्व ग्राम प्रधान समेत चार पर मुकदमा…

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Thu, 10 Oct 2024 02:09 PM
बच्चों पर चोरी का आरोप लगाकर अत्याचार, पूर्व ग्राम प्रधान समेत चार पर मुकदमा…
ऑडियो सुनें

बहराइच: उत्तर प्रदेश में बहराइच जिले के नानपारा इलाके में दबंग कुक्कुट फार्म मालिकों और एक पूर्व ग्राम प्रधान ने 12 से 14 वर्ष के तीन बच्चों पर पांच किलो गेहूं चोरी करने का आरोप लगाते हुए कथित तौर पर उन्हें बिजली के तार से पीटा, तीनों के सिर मुंडवाए और माथे पर ‘चोर’ लिखकर गांव में घुमाया। शिकायत मिलने पर पुलिस ने इस मामले में चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनमें से तीन को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस सूत्रों ने बृहस्पतिवार को बताया कि नानपारा कोतवाली क्षेत्र के ताजपुर टेड़िया गांव में मंगलवार दोपहर कुक्कुट फार्म संचालक नाजिम और उसके बेटे कासिम तथा इनायत नामक एक अन्य व्यक्ति ने काम पर नहीं आने से नाराज होकर एक दलित और दो पिछड़े वर्ग के बच्चों पर पांच किलोग्राम गेहूं चोरी करने का आरोप लगाया और उन पर अत्याचार किया। इस दौरान पूर्व ग्राम प्रधान शानू ने भी बच्चों को धमकाया।

ग्रामीणों के मुताबिक तीनों बच्चे नाजिम के कुक्कुट फार्म पर काम करते थे मगर वे पिछले कुछ दिनों से काम पर नहीं आ रहे थे। इसी को लेकर नाजिम नाराज था। बच्चों का आरोप है कि मंगलवार की दोपहर नाजिम, कासिम और इनायत ने उन्हें धोखे से बुलाया और उन पर पांच किलोग्राम गेहूं चोरी करने का इल्जाम लगाते हुए बिजली के तार से पीटा, गला दबाया और तीनों के सिर मुंडवा दिये। आरोप है कि तीनों के मुंह पर कालिख पोत दी गयी और माथे पर ‘चोर’ लिखवा दिया और हाथ बांधकर पूरे गांव में घुमाया। बाद में मौके पर पहुंचे पूर्व ग्राम प्रधान शानू ने भी उन्हें धमकाया।

ग्रामीणों का आरोप है कि अभियुक्तों ने मोबाइल फोन से घटना का वीडियो भी बनाया है। कोतवाली नानपारा के प्रभारी निरीक्षक प्रदीप ंिसह ने बृस्पतिवार को बताया कि बच्चों के परिजनों की तहरीर पर चारों आरोपियों के खिलाफ बुधवार को भारतीय न्याय संहिता की धारा 115 (2) (मारपीट), 352 (जानबूझकर अपमानित करना), 351 (धमकाना), 109 (हत्या का प्रयास) तथा एससी/ एसटी एक्ट की धारा 3(2) व 3(1) के तहत मुकदमा पंजीकृत कर नाजिम, कासिम व इनायत को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूर्व प्रधान शानू फरार है। पुलिस सूत्रों के अनुसार गांव में शांति है लेकिन मामला दो समुदायों से जुड़ा है इसलिए एहतियातन गांव में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav