
नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि पारंपरिक चिकित्सा को वह मान्यता नहीं मिलती जिसकी वह हकदार है और अपनी पहुंच बढ़ाने के लिए उसे विज्ञान के माध्यम से जनता का विश्वास जीतना होगा. विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के पारंपरिक चिकित्सा पर वैश्विक शिखर सम्मेलन को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि अनुसंधान को मजबूत करने, डिजिटल प्रौद्योगिकियों का उपयोग करने और एक विश्वसनीय नियामक ढांचा विकसित करने से पारंपरिक चिकित्सा को और अधिक बढ़ावा मिलेगा. प्रधानमंत्री ने कहा कि पारंपरिक चिकित्सा की बात आती है तो सुरक्षा और प्रमाण से संबंधित प्रश्न हमेशा उठते हैं.
मोदी ने कहा, ”भारत इस दिशा में निरंतर कार्य कर रहा है. इस शिखर सम्मेलन में आप सभी ने अश्वगंधा का उदाहरण देखा है. सदियों से इसका उपयोग हमारी पारंपरिक चिकित्सा प्रणालियों में होता रहा है. कोविड-19 के दौरान इसकी वैश्विक मांग तेजी से बढ़ी और कई देशों में इसका उपयोग शुरू हुआ.” प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत अपने शोध और साक्ष्य-आधारित सत्यापन के माध्यम से अश्वगंधा को बढ़ावा दे रहा है.
प्रधानमंत्री मोदी ने कई ऐतिहासिक आयुष पहल की भी शुरुआत की, जिनमें ‘माई आयुष इंटीग्रेटेड र्सिवसेज पोर्टल’ (एमएआईएसपी) भी शामिल है. उन्होंने ‘आयुष मार्क’ का भी अनावरण किया, जिसे आयुष उत्पादों और सेवाओं की गुणवत्ता के लिए एक वैश्विक मानक के रूप में देखा जा रहा है. मोदी ने योग प्रशिक्षण पर डब्ल्यूएचओ की तकनीकी रिपोर्ट और ‘फ्रॉम रूट्स टू ग्लोबल रीच: 11 इयर्स ऑफ ट्रांसफॉर्मेशन इन आयुष’ नामक पुस्तक का विमोचन किया. उन्होंने अश्वगंधा पर एक स्मारक डाक टिकट भी जारी किया, जो भारत की पारंपरिक औषधीय विरासत की वैश्विक महत्ता का प्रतीक है.
सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री के आठ पोस्ट सबसे ज्यादा ‘रि-पोस्ट’
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आठ पोस्ट या तस्वीरें पिछले 30 दिन में सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर सबसे ज्यादा पसंद किए जाने वाले पोस्ट में शामिल हैं. इनमें रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ कार में सफर करने की उनकी तस्वीर भी शामिल है. इन आठ पोस्ट को ‘एक्स’ पर कुल मिलाकर 1,60,700 बार ‘रि-पोस्ट’ किया गया और उन्हें 14.76 लाख ‘लाइक’ मिले. इस तरह वह सोशल मीडिया मंच पर सबसे ज्यादा ‘लाइक’ और ‘रि-पोस्ट’ किए गए शीर्ष 10 हैंडल में शामिल होने वाले एकमात्र राजनेता बन गए हैं.
एक अधिकारी ने बताया, ”एक्स (पहले ट्विटर) में एक नया फीचर शुरू किया गया है. यह किसी एक देश में पिछले महीने सबसे ज्यादा लाइक किए गए पोस्ट को दिखाता है. भारत के लिए, पिछले 30 दिन में, सबसे ज्यादा लाइक किए गए 10 पोस्ट में से शीर्ष 8 पोस्ट प्रधानमंत्री मोदी के हैं. टॉप 10 में कोई अन्य राजनेता शामिल नहीं है.” पुतिन चार दिसंबर को यहां आए थे. पुतिन के यहां पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री मोदी के साथ कार में यात्रा करने की तस्वीर को 34,000 से अधिक बार ‘रि-पोस्ट’ किया गया और 2,14,000 ‘लाइक’ मिले – जो प्रधानमंत्री के आठ पोस्टों में सबसे अधिक है.
प्रधानमंत्री द्वारा पुतिन को रूसी भाषा में गीता की प्रति भेंट करने वाली तस्वीर को 29,000 बार ‘रि-पोस्ट’ किया गया और 2,31,000 ‘लाइक’ मिले. ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज और जोडी हेडन के विवाह पर प्रधानमंत्री मोदी के बधाई संदेश को 14,900 बार ‘रि-पोस्ट’ किया गया और 2,11,000 ‘लाइक’ मिले. राष्ट्रपति भवन में 5 दिसंबर को रूसी राष्ट्रपति को ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ दिए जाने पर मोदी के पोस्ट को 28,100 ‘रि-पोस्ट’ और 2,18,000 ‘लाइक’ मिले, वहीं 25 नवंबर को अयोध्या के श्री राम जन्मभूमि मंदिर में धर्म ध्वजारोहण उत्सव के उनके पोस्ट को 26,300 ‘रि-पोस्ट’ किया गया और उसे 1,40,000 ‘लाइक’ मिले.



