हास्य कलाकार सुनील पाल कथित अपहरण मामले में दो लोग हिरासत में, पत्नी थाने पहुंचीं

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 11 Dec 2024 06:38 PM
हास्य कलाकार सुनील पाल कथित अपहरण मामले में दो लोग हिरासत में, पत्नी थाने पहुंचीं
ऑडियो सुनें

मेरठ. हास्य कलाकार सुनील पाल के कथित अपहरण और जबरन वसूली के मामले में पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है.
इस बीच, पाल की पत्नी सरिता बुधवार सुबह तीन वकीलों के साथ मेरठ के लाल कुर्ती थाने पहुंचीं और दावा किया कि उनके पति की वायरल ऑडियो क्लिप से छेड़छाड़ हुई है.

पाल ने पिछले सप्ताह दावा किया था कि वह एक कार्यक्रम के लिए उत्तराखंड गए थे तभी उनका अपहरण कर लिया गया था. उन्होंने कहा था कि अपहरणकर्ताओं ने फिरौती के तौर पर 20 लाख रुपये मांगे थे, लेकिन उन्हें आठ लाख रुपये लेकर छोड़ दिया गया. पाल ने दावा किया था कि उन्हें मेरठ में एक सड़क के किनारे छोड़ा गया, जहां से वह दिल्ली हवाई अड्डे पहुंचे और मुंबई के लिए रवाना हुए.

मुंबई के सांताक्रूज थाने की पुलिस ने उनकी शिकायत के आधार पर अपहरण और जबरन वसूली का मामला दर्ज किया था, लेकिन बाद में इसे उत्तर प्रदेश के मेरठ में स्थानांतरित कर दिया गया. पुलिस अधीक्षक (नगर) आयुष विक्रम सिंह ने बुधवार को ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ”हास्य कलाकार सुनील पाल के अपहरण का मामला मुंबई से मेरठ स्थानांतरित कर दिया गया है. मामला शुरू में मुंबई में दर्ज किया गया था, लेकिन अब मेरठ पुलिस भी मामले की जांच करेगी.” उन्होंने कहा कि दो संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. पुलिस आनलाइन मिली एक कथित ऑडियो क्लिप की भी जांच कर रही है जिसमें कथित तौर पर पाल एक अज्ञात व्यक्ति से अपने अपहरण की योजना और मीडिया में इस प्रकरण की चर्चा के बारे में बात कर रहे हैं.

इस बीच, पाल की पत्नी सरिता बुधवार सुबह तीन वकीलों के साथ मेरठ के लाल कुर्ती थाने पहुंचीं और दावा किया कि उनके पति की वायरल ऑडियो क्लिप से छेड़छाड़ हुई है. उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ”ऑडियो अधूरा है, इसकी काट-छांट की गयी है. ऑडियो रिकॉर्ड करने से पहले सुनील को धमकाया गया था. आरोपियों के पकड़े जाने के बाद स्थिति स्पष्ट हो जाएगी.”

फिरौती के बारे में सरिता ने कहा, ”शुरू में 20 लाख रुपए मांगे गए थे, लेकिन हमने उन्हें आठ लाख रुपए दे दिए. बाद में सुनील ने मदद के लिए कुछ दोस्तों को फोन किया था.” उन्होंने कहा कि पाल फिलहाल घर पर हैं, लेकिन उनकी तबीयत ठीक नहीं है, इसलिए वह खुद पुलिस अधिकारियों से मिलने मेरठ आई हैं.

बॉलीवुड अभिनेता मुश्ताक खान के अपहरण मामले से जुड़े सवाल पर सरिता ने कहा कि उन्हें इसकी कोई जानकारी नहीं है. ‘वेलकम’, ‘स्त्री 2’ और ‘गदर 2’ में भूमिकाएं निभा चुके मुश्ताक खान ने पिछले महीने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में खुद के अपहरण और जबरन वसूली का आरोप लगाया था. उस मामले में मंगलवार को बिजनौर जिले में प्राथमिकी दर्ज की गई थी. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu