जम्मू कश्मीर में लश्कर के एक आतंकवादी समेत दो लोग गिरफ्तार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 18 Nov 2024 08:17 PM
जम्मू कश्मीर में लश्कर के एक आतंकवादी समेत दो लोग गिरफ्तार
ऑडियो सुनें

श्रीनगर. जम्मू कश्मीर के पुलवामा एवं बारामूला जिलों में दो अलग-अलग अभियानों में सुरक्षाबलों ने लश्कर-ए-तैयबा के एक आतंकवादी और आतंकवादियों के लिए काम करने वाले एक अन्य व्यक्ति को गिरफ्तार किया है. अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी.

एक पुलिस प्रवक्ता ने कहा, ”(पुलवामा जिले में) अवंतीपोरा क्षेत्र के त्राल में सुरक्षा बलों के साथ मिलकर पुलिस ने प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के एक आतंकवादी को गिरफ्तार किया और उसके कब्जे से आपत्तिजनक सामग्री, हथियार और गोला-बारूद बरामद किया.” प्रवक्ता ने बताया कि एक गुप्त सूचना के आधार पर सेना और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के साथ मिलकर पुलिस ने त्राल थानाक्षेत्र में पिंगलिश गांव से इस लश्कर आतंकवादी को गिरफ्तार किया.

उन्होंने कहा, ”आतंकवादी की पहचान लुरगाम त्राल के निवासी इरशाद अहमद चोपान के रूप में हुई है. उसके पास से एक पिस्तौल, 18 गोलियां और दो मैगजीन समेत अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गयी.” प्रवक्ता ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि चोपान दक्षिण कश्मीर क्षेत्र में कई आतंकी गतिविधियों में शामिल रहा है.

उन्होंने बताया कि आरोपी 24 अक्टूबर को गैर-स्थानीय मजदूर शुभम कुमार को गोली मारकर घायल करने के मामले में शामिल था.
एक अन्य अभियान में बारामूला जिले से आतंकवादियों के लिए काम करने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया. अधिकारियों ने बताया कि दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले के निवासी शौकत अहमद भट को रविवार को बारामूला जिले के जांबाजपोरा-बिन्नेर रोड से गिरफ्तार किया गया. उनके अनुसार भट के पास से एक एके राइफल, एक मैगजीन और कुछ गोलियां बरामद की गईं. वह पिछले सप्ताह कुलगाम के डीएच पोरा क्षेत्र के नागनाड गांव से कथित रूप से लापता हो गया था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu