दहेज को लेकर विवाद होने पर दो बहनों ने शादी से किया इनकार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 15 Apr 2025 09:19 PM
दहेज को लेकर विवाद होने पर दो बहनों ने शादी से किया इनकार
ऑडियो सुनें

हाथरस. सादाबाद तहसील क्षेत्र के गांव समदपुर की दो बहनों ने दहेज को लेकर वाद-विवाद और मारपीट होने के बाद शादी से इनकार कर दिया. यह शादी इसी क्षेत्र के गांव ताजपुर के दो भाइयों से तय हुई थी. मामला अब पुलिस के पास पहुंच गया है और लड़की के परिजनों ने महिला थाना में इसकी शिकायत की है. क्षेत्राधिकारी हिमांशु कुमार ने बताया कि इस मामले में एक शिकायत मिली है और पुलिस मामले की जांच कर रही है.

गांव समदपुर निवासी सुनील की दो बेटियों शिवानी और भारती ने बताया कि शादी 14 अप्रैल को होनी थी. लेकिन दोनों पक्षों में हुए विवाद और मारपीट के बाद उन्होंने शादी से इनकार कर दिया है. शिवानी और भारती की शादी गांव ताजपुर के दो भाइयों मोहित और नारायण से तय हुई थी. बारात 14 अप्रैल की शाम वधु पक्ष के घर पहुंच गई और बारात का स्वागत किया जा रहा था. इसी दौरान दूल्हा पक्ष ने गाड़ी की मांग कर दी.

इस पर दुल्हन के पिता सुनील ने कहा कि जो कुछ तय हुआ था वह सब कुछ दिया जा चुका है. इसी बात पर दोनों पक्षों में पहले विवाद हुआ और फिर नौबत मारपीट तक पहुंच गई जिसके बाद लड़कियों ने भी शादी से इनकार कर दिया. दुल्हन बनी शिवानी और भारती का कहना है, “अब हम यह शादी नहीं करना चाहते हैं. हम उनके खिलाफ कार्रवाई चाहते हैं. दरवाजे पर आते ही इन लोगों ने मेरे पिता से गाड़ी की मांग कर दी, जबकि पिता जी पहले ही छह लाख रुपये और सामान दे चुके हैं. इन लोगों ने मेरे पिता, चाचा और भाई से मारपीट की और हम दोनों के साथ भी बदसलूकी की.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu