रूस के साथ 30 दिनों के युद्धविराम को तैयार यूक्रेन, अमेरिका ने दिया था प्रस्ताव

जेद्दा: तीन साल से रूस के साथ चल रहे युद्ध के बीच मंगलवार को यूक्रेन पहली बार युद्ध विराम के लिए तैयार हुआ है। सऊदी अरब में अमेरिका के साथ वार्ता के दौरान यूक्रेन ने रूस के साथ 30 दिनों तक युद्ध विराम पर सहमति जताई है।

अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने कहा कि अब वह यह प्रस्ताव लेकर रूस के पास जाएंगे और इसका फैसला मास्को को करना है। इसके साथ ही अमेरिका, यूक्रेन की मदद के साथ खुफिया सूचना साझा करना फिर से शुरू कर देगा।

आठ घंटे से भी ज्यादा लंबी चली बैठक

कीव द्वारा सोमवार रात को मॉस्को पर अब तक के सबसे बड़े ड्रोन हमले के बाद यूक्रेन और अमेरिका के अधिकारियों ने रूस के साथ चल रहे युद्ध को रोकने के रास्ते तलाशने के लिए कई घंटों की बैठक की। आठ घंटे से भी ज्यादा लंबी बैठक के दौरान दोनों पक्षों ने एक संयुक्त बयान जारी किया, जिसमें यूक्रेन ने तुरंत 30 दिनों के अंतरिम युद्ध विराम के प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया।

इस युद्ध विराम को यूक्रेन और रूस की आपसी सहमति से आगे भी बढ़ाया जा सकता है और यह रूस द्वारा स्वीकार और लागू किए जाने पर निर्भर करता है। अब अमेरिका, शांति स्थापित करने के लिए रूस से संपर्क कर इसे लागू करने के लिए कहेगा।

सोमवार को जेलेंस्की जेद्दा पहुंचे

इससे पहले सोमवार को यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की जेद्दा पहुंचे और सऊदी क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान से मुलाकात की। 28 फरवरी को व्हाइट हाउस में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और जेलेंस्की के बीच हुई तीखी बहस के बाद युद्ध विराम को लेकर सऊदी में यह वार्ता एक नए कूटनीतिक प्रयास को दर्शाती है।

अमेरिका के साथ इस समझौते पर हस्ताक्षर करेगा यूक्रेन

यूक्रेनी अधिकारियों ने सोमवार को कहा था कि वे काला सागर में युद्ध विराम का प्रस्ताव रखेंगे, जिससे नौवहन सुरक्षित होगा, यूक्रेन में नागरिकों पर मिसाइल हमले रुकेंगे और कैदियों की रिहाई हो सकेगी। उन्होंने बताया कि यूक्रेन दुर्लभ खनिजों को लेकर अमेरिका के साथ समझौते पर हस्ताक्षर करने के लिए तैयार है। इसके लिए ट्रंप ने उत्सुकता दिखाई है।

जबकि जेद्दा की उड़ान में रूबियो ने पत्रकारों से कहा कि अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल तीन वर्ष से जारी युद्ध को समाप्त करने के लिए कोई विशेष उपाय प्रस्तावित नहीं करेगा। वह यूक्रेन से यह जानना चाहेगा कि वे किन शर्तों पर विचार करने के लिए तैयार हैं।

रूस की ये हैं शर्तें

रूस के राष्ट्रपति भवन क्रेमलिन ने सार्वजनिक रूप से किसी रियायत की पेशकश नहीं की है। रूस ने कहा है कि वह इस शर्त पर युद्ध समाप्त करने के लिए तैयार है कि यूक्रेन नाटो में शामिल होने का प्रयास छोड़ दे और मास्को के कब्जे वाले क्षेत्रों को रूसी क्षेत्र के रूप में मान्यता दे।

उम्मीद है कि अमेरिका सऊदी वार्ता निष्कर्ष के बारे में जानकारी साझा करेगा। जबकि क्रेमलिन ने रूसियों को इस बात को लेकर आगाह किया है कि वे ट्रंप प्रशासन की ओर से यूक्रेन को लेकर उठाए जा रहे कदमों से प्रभावित नहीं हों। उनके कार्य मास्को के लिए आशाजनक लग सकते हैं, लेकिन बहुत बुरा के लिए तैयार रहें।

अमेरिका के बगैर हुई सैन्य प्रमुखों की बैठक

यूक्रेन के प्रति एकजुटता दिखाने के लिए मंगलवार को पेरिस में एक अहम बैठक हुई। इसमें अमेरिका के सबसे करीबी सहयोगी 30 से ज्यादा देशों के सेना प्रमुख शामिल हुए। हालांकि ऐसा संभवत: पहली बार है, जब इस तरह की बैठक में अमेरिका शामिल नहीं रहा। बैठक में नाटो और ईयू सदस्यों समेत 34 सैन्य प्रमुखों ने हिस्सा लिया। यह बैठक युद्ध में यूक्रेन की सहायता से ट्रंप के पीछे हटने और रूस के साथ मेल-मिलाप के मद्देनजर हुई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button