भाजपा की ओर से थोपी गई ‘बेरोजगारी’ लोकसभा चुनाव में सबसे बड़ा मुद्दा : खरगे

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 07 Apr 2024 07:13 PM
भाजपा की ओर से थोपी गई ‘बेरोजगारी’ लोकसभा चुनाव में सबसे बड़ा मुद्दा : खरगे
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने रविवार को कहा कि लोकसभा चुनाव में ‘भाजपा द्वारा थोपी गई’ बेरोजगारी सबसे बड़ा मुद्दा है. उन्होंने दावा किया कि युवा रोजगार पाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं और देश ”जनसांख्यिकीय दु:स्वप्न’ का सामना कर रहा है. खरगे ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘युवा न्याय’ के तहत कांग्रेस की ‘पहली नौकरी पक्की’ गारंटी काम और सीखने को अलग करने वाली बाधाओं को दूर करेगी, जिससे करियर के विकास के नए रास्ते खुलेंगे.

कांग्रेस अध्यक्ष ने दावा किया, ”इस लोकसभा चुनाव में सबसे बड़ा मुद्दा बेरोजगारी है, जो भाजपा द्वारा थोपी गई है. हमारे युवा नौकरी पाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं, और हम जनसांख्यिकीय दु?स्वप्न का सामना कर रहे हैं.” भारत के प्रतिष्ठित संस्थानों, भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) और भारतीय प्रबंध संस्थान (आईआईएम) के मामले का हवाला देते हुए खरगे ने दावा किया कि 12 आईआईटी में, लगभग 30 प्रतिशत छात्रों को नियमित प्लेसमेंट नहीं मिल रहा है.

उन्होंने कहा, ”21 आईआईएम में से केवल 20 प्रतिशत ही अब तक ग्रीष्मकालीन प्लेसमेंट पूरा कर सके हैं. अगर आईआईटी और आईआईएम में यह स्थिति है, तो कोई कल्पना कर सकता है कि भाजपा ने किस तरह से देश भर में हमारे युवाओं का भविष्य बर्बाद कर दिया है.” कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी नीत सरकार के तहत युवा बेरोजगारी की दर 2014 के बाद से तीन गुना हो गई है.

खरगे ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ” अंतरराष्ट्रीय श्रम संगठन की हालिया भारत की रोजगार रिपोर्ट से पता चला है कि भारत हर साल लगभग 70-80 लाख युवाओं को श्रम बल में जोड़ता है, लेकिन 2012 और 2019 के बीच, रोजगार में लगभग शून्य वृद्धि हुई – केवल 0.01 प्रतिशत.” उन्होंने कहा, ”मोदी की दो करोड़ नौकरियां देने की गारंटी हमारे युवाओं के दिल और दिमाग में एक बुरे सपने के रूप में गूंजती है!”खरगे ने कहा, इसलिए, कांग्रेस पार्टी ‘युवा न्याय’ के तहत ‘पहली नौकरी पक्की’ गारंटी लेकर आई है. खरगे ने कहा कि 25 साल से कम उम्र के किसी भी डिप्लोमा या डिग्री धारक को अब रोजगार मांगने का कानूनी अधिकार होगा और उन्हें प्रति वर्ष कम से कम एक लाख रुपये दिये जाएंगे.

उन्होंने कहा, ”इससे काम और सीखने को अलग करने वाली बाधाएं दूर होंगी, जिससे करियर के विकास के नए रास्ते खुलेंगे.” कांग्रेस ने शुक्रवार को पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी की उपस्थिति में यहां कांग्रेस मुख्यालय में लोकसभा चुनाव के लिये अपना घोषणापत्र जारी किया, जिसमें ‘न्याय के पांच स्तंभ’ और उसके तहत 25 गारंटी पर ध्यान केंद्रित किया गया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu