अमेरिकी उपराष्ट्रपति वेंस अगले सप्ताह की शुरुआत में आएंगे भारत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 16 Apr 2025 10:10 PM
अमेरिकी उपराष्ट्रपति वेंस अगले सप्ताह की शुरुआत में आएंगे भारत
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और उनकी पत्नी उषा अगले हफ्ते के शुरू में भारत की यात्रा पर आएंगे और इस दौरान वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ वार्ता करेंगे. यह यात्रा ट्रंप प्रशासन के शुल्क विवाद के कारण बढ़ते वैश्विक व्यापार व्यवधानों के बीच होगी.

वेंस के कार्यालय ने बुधवार को बताया कि अमेरिकी उपराष्ट्रपति 18 से 24 अप्रैल तक इटली और भारत की यात्रा पर रहेंगे. उषा उपराष्ट्रपति की भारतीय-अमेरिकी मूल की पत्नी हैं. वेंस दंपति के अपने तीन बच्चों – इवान, विवेक और मीराबेल – को भारत लाने की उम्मीद है तथा परिवार दिल्ली के अलावा जयपुर और आगरा भी जाएगा.

अमेरिकी दूतावास द्वारा दिल्ली में जारी एक बयान में उनके कार्यालय ने कहा, “उपराष्ट्रपति प्रत्येक देश के नेताओं के साथ साझा आर्थिक और भू-राजनीतिक प्राथमिकताओं पर चर्चा करेंगे.” इसमें कहा गया है, “भारत में उपराष्ट्रपति दिल्ली, जयपुर और आगरा का दौरा करेंगे. उपराष्ट्रपति प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ बैठक करेंगे.” अमेरिकी बयान में कहा गया है कि वेंस और उनका परिवार भारत में सांस्कृतिक स्थलों पर कार्यक्रमों में भी भाग लेगा.

अमेरिकी उपराष्ट्रपति ट्रंप की शुल्क नीति की पृष्ठभूमि में भारत की यात्रा कर रहे हैं. इस नीति से बड़े पैमाने पर व्यापार में व्यवधान और वैश्विक आर्थिक मंदी की आशंका पैदा हुई. इस महीने पारस्परिक शुल्क लागू होने के कुछ दिनों बाद, ट्रंप ने चीन को छोड़कर सभी देशों के लिए इस पर 90 दिनों की रोक की घोषणा की. सूत्रों ने बताया कि अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार माइकल वाल्ट्ज ने भी अगले सप्ताह की शुरुआत में भारत आने की योजना बनाई थी, लेकिन उनकी यात्रा स्थगित कर दी गई है. उन्होंने कहा कि वेंस की यह यात्रा पूरी तरह से निजी नहीं होगी और इसमें आधिकारिक तत्व भी शामिल होंगे.

बताया जा रहा है कि अमेरिकी उपराष्ट्रपति 21 अप्रैल को प्रधानमंत्री मोदी के साथ वार्ता करेंगे, जिसमें शुल्क के मुद्दे और द्विपक्षीय व्यापार समझौते के लिए दोनों पक्षों के बीच जारी बातचीत सहित भारत-अमेरिका संबंधों के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा होगी.
रोम में, वेंस इतालवी प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी के साथ वार्ता करेंगे और ‘ईस्टर संडे’ से पहले आयोजित समारोहों में भाग लेंगे और वेटिकन के राज्य सचिव कार्डिनल पिएत्रो परोलिन से मिलेंगे.

अमेरिकी राष्ट्रीय खुफिया निदेशक (डीएनआई) तुलसी गबार्ड की भारत यात्रा के कुछ सप्ताह बाद वेंस की यहां की यात्रा हो रही है.
डीएनआई ने प्रधानमंत्री मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, विदेश मंत्री एस जयशंकर और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजित डोभाल के साथ अलग-अलग बैठकें कीं. अमेरिकी राष्ट्रपति के शुल्क विवाद ने वैश्विक व्यापार युद्ध की आशंकाओं को हवा दे दी है. फरवरी में वाशिंगटन डीसी में मोदी और ट्रंप के बीच वार्ता के बाद, दोनों पक्षों ने घोषणा की थी कि वे 2025 की शरद ऋतु तक द्विपक्षीय व्यापार समझौता (बीटीए) के पहले हिस्से पर बातचीत करेंगे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu